राहुल गांधी

राहुल गांधी का बड़ा आरोप : ‘पीएम मोदी खुद घबराए हुए हैं, इसलिए नहीं आ रहे सदन के अंदर’

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के मुख्य नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में रसोई गैस की कमी को लेकर लोगों को दिलासा देने वाले प्रधानमंत्री असल में खुद डरे हुए हैं। राहुल गांधी ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है लेकिन सच तो यह है कि वह खुद अलग वजहों से तनाव में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अदाणी के मुद्दे और एप्सटीन फाइल की वजह से प्रधानमंत्री घबराहट में हैं और इसी कारण वह सदन के भीतर आने से बच रहे हैं।

ये भी पढ़े : एलपीजी संकट पर सरकार का बड़ा बयान : ‘पैनिक बुकिंग’ न करें उपभोक्ता, आपूर्ति बहाल करने के लिए रिफाइनरियों को मिले सख्त निर्देश

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते रसोई गैस की आपूर्ति में दिक्कतें आ रही हैं जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने बुधवार को नागरिकों से धैर्य रखने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि सरकार जनहित की सुरक्षा करेगी और उन्होंने केवल सही जानकारी फैलाने का आग्रह किया था। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन धरातल पर कोई ठोस काम नजर नहीं आ रहा है। ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है जिससे आम जनता परेशान है और होटल व्यापार ठप हो रहा है। उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार पर इसका बुरा असर पड़ रहा है और हवाई यात्राएं भी काफी महंगी हो गई हैं लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से कोई सार्थक हस्तक्षेप नहीं दिख रहा है। वहीं कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने अपनी पुरानी गुटनिरपेक्ष नीति को छोड़ दिया है जिससे अंतरराष्ट्रीय मामलों में मुश्किलें पैदा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेशों के तो बहुत दौरे किए हैं लेकिन जब लोकसभा का सत्र चलता है तो वह सदन को बहुत कम समय देते हैं और सवालों का जवाब देने से कतराते हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply