रामलला के दर्शन करने 4 मार्च को अयोध्या जाएंगे मोहन केबिनेट के मंत्री

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाने के लिए हर कोई बेकरार है। ऐसे में एमपी की बीजेपी सरकार भला कैसे पीछे रहती। सीएम मोहन यादव अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे हैं। रामलला की पूजा पाठ के बाद अयोध्या में ही वे केबिनेट की बैठक भी लेंगे। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पीएम नरेंद्र मोदी देश-दुनिया के लोगों को अयोध्या आने का आव्हान कर चुके हैं। ऐसे में सीएम मोहन यादव ने केबिनेट सहित रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने और वहीं बैठक करने की बात कही थी। अब एमपी केबिनेट का अयोध्या दौरा तय हो गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार रामलला के दर्शन करने के लिए मोहन यादव मंत्रिमंडल 4 मार्च को अयोध्या जाएगा।

सीएम और राज्य सरकार के मंत्री रामलला के विधिवत दर्शन और पूजा पाठ करेंगे। इसके बाद प्रदेश केबिनेट की अयोध्या में ही बैठक भी होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित प्रदेश के सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। उनके साथ बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेता भी अयोध्या जा सकते हैं। अयोध्या में कैबिनेट की बैठक की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश से लाखों लोग वहां पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी संगठन ने रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचने के लिए अलग अलग राज्यों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की हैं। इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार 4 मार्च को अयोध्या पहुंचेगी।

Leave a Reply