अमरवाड़ा से जीतने पर भाजपा ने मनाया जश्न, उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा- प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो गया

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल : अमरवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत पर भाजपा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी व्यक्त की। यहां उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि अमरवाड़ा की जीत भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो गया है। लगातार हार से बौखलाए कांग्रेसियों को मौन रखना चाहिए और इस हार पर आत्ममंथन करना चाहिए। इस जीत के साथ ही अमरवाड़ा की जनता ने यह स्थापित कर दिया है कि छिंदवाड़ा किसी और का नहीं, भाजपा का गढ़ है। उधर, कांग्रेस कार्यालय में मायूसी दिखी। कोई बड़ा नेता भी पार्टी कार्यालय नहीं पहुंचा।

यह सरकार पर जनता के विश्वास की : सीएम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि पिछली बार छिंदवाड़ा में लोकसभा चुनाव जीते थे और इस बार विधानसभा उप चुनाव भी जीते हैं। यह सरकार पर जनता का विश्वास, विचारधारा और जनता के बीच घनिष्ठ रिश्ते का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और अमरवाड़ा के विकास को और मजबूत करेंगे।

जनहितैषी नीतियों के चलते हुई जीत : वीडी शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ–बूथ पर बहुत परिश्रम किया है। भाजपा की यह विजय हमारे शीर्ष नेतृत्व की रणनीति, संगठन तंत्र की शक्ति और बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। भाजपा सरकार अमरवाड़ा के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए सदैव संकल्पित है। यह ऐतिहासिक विजय भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों को जनता के अपार समर्थन का परिणाम है।

यह जीत नहीं, भाजपा की नैतिक पराजय: जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अमरवाड़ा उपचुनाव के परिणाम लोकप्रियता और लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं पर प्रबंधन की विजय है। दलबदलुओं द्वारा राजनीतिक प्रतिबद्धता और विचारों की प्रक्रिया को अमरवाड़ा के मतदाता नियंत्रित करना चाहते थे, किंतु शासन, सत्ता और पैसे के भीषण दुरुपयोग के बावजूद भी इतने कम वोटों का अंतर भाजपा की नैतिक पराजय है। पटवारी ने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी को भाजपा ने ही एक सोची समझी साजिश के तहत खड़ा किया था ताकि कांग्रेस के मतों को प्रभावित किया जा सके और वही हुआ।

Leave a Reply