एजेंसी, नई दिल्ली। रविवार को राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान 2.1 डिग्री, करौली में 2.4 डिग्री, सीकर में 3.5 डिग्री, पाली में 3.6 डिग्री और दौसा में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिसार में तापमान 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पंजाब के फरीदकोट में तापमान 3.4 डिग्री, पटियाला में 4.6 डिग्री और अमृतसर-लुधियाना में 4.4 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। दरअसल, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर है। ये जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर चलने वाली हवाएं हैं। इस बार इनकी रफ्तार 262किमी तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश में अगले 5 दिन तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 23 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट है, इसका असर ट्रेनों और फ्लाइट्स पर नजर आ रहा है। रविवार को 13 फ्लाइट रद्द की गई हैं। डीजीसीए ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक को फॉग विंडो घोषित किया है। इस दौरान कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है।
जानिए क्या हैं जेट स्ट्रीम…
आसमान में ठंडी और गर्म हवा की नदी जैसी बहने वाली हवाएं ही जेट स्ट्रीम हैं। जेट स्ट्रीम आमतौर पर उत्तर (ध्रुवीय इलाकों) की ठंडी हवा और दक्षिण (गरम इलाकों) की गर्म हवा के बीच चलती हैं। जब जेट स्ट्रीम झुक जाती है या फिर नीचे की ओर आ जाती है, तो यह उत्तर की बहुत ठंडी हवा को भारत तक खींच लाती है। नतीजा, अचानक ठंड बढ़ जाती है। अगर जेट स्ट्रीम की रफ्तार कम हो जाए या एक जगह रुक जाए, तो ठंडी हवा वहीं फंस जाती है। इससे कई दिन तक ठंड बनी रहती और शीतलहर का असर बढ़ जाता है।
ये भी पढ़े : नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं : चुनाव 18 जनवरी से शुरू होंगे, 20 को ऐलान होगा


