एजेंसी, लखनऊ। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने पूर्ववर्ती सरकारों में सहकारिता विभाग की स्थिति काफी दयनीय होने का हवाला देते हुए कहा कि यह विभाग आज उन्नति के मार्ग पर अग्रसर है। सहकारी समितियों के 50 लाख सदस्यों द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि एकत्र की गयी है, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि साख के ऊपर ही अर्थशास्त्र काम करता है। साख बेहतर होती है तो हर चीज बेहतर होती है। वर्तमान समय सहकारिता की साख बढ़ रही है और बैंकों की स्थिति काफी सुदृढ़ हुई है। वित्तमंत्री ने यह उद्गार अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 एवं 72वें अखिल भारतीय सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर गुरुवार को आयोजित एक गोष्ठी में प्रकट किए। सहकारिता भवन स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी यूनियन सभागार लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सहकारिता विभाग जेपीएस राठौर, अध्यक्ष पीसीयू सुरेश गंगवार, अध्यक्ष यूपीआरएनएसएस प्रेम सिंह शाक्य, आयुक्त एवं निबन्धक सहकारिता योगेश कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान सुरेश कुमार खन्ना ने अपने उद्बोधन में बताया कि उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक एव जिला सहकारी बैंक लाभ में कार्य कर रहे है तथा सहकारी सस्थाओं में पूंजी संग्रहण में व्यापक वृद्धि हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद वितरण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, गेहूं, धान खरीद, पेट्रोल पंप संचालन तथा विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में सहकारिता की बढ़ती भूमिका को उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों को सहकारिता से जोड़ने पर विशेष बल दिया। राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि गोदामों के आधुनिकीकरण, कंप्यूटरीकरण, सौर ऊर्जा के उपयोग और खाद वितरण में डिजिटल प्रणाली को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 50 लाख से अधिक नए सदस्य सहकारिता से जुड़े हैं तथा जमा पूंजी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि कुल 650 करोड़ रूपये किसानों ने जिला सहकारी बैंकों में जमा किये है। ये किसानों की सहकारी बैंकों के प्रति बढ़ती विश्वसनीयता का प्रमाण है।
पांच मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र
उत्तर प्रदेश सहकारी यूनियन के 5 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र लाभार्थियों में धर्मेन्द्र कुमार पांडेय को जालौन में, अजीत यादव आगरा, अनिकेत गिरी मुजफ्फरनगर, श्रीमती अलका अमरोहा और नितिन कुमार को मेरठ में सहकारी कामदार के पद पर नियुक्ति दी गई है। जनता दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्र आश्रितों को 50 हजार रुपये के चेक सौंपे गए।


