एजेंसी, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाए जाने के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने एक वीडियो जारी कर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। जयहिंद का दावा है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर राघव चड्ढा की पिटाई की गई थी। उनके अनुसार, इस घटना में पार्टी के चार अन्य बड़े नेता भी शामिल थे।
नवीन जयहिंद ने अपने दावे को विस्तार देते हुए कहा कि इस पिटाई के दौरान राघव चड्ढा की आंख में गंभीर चोट आई थी। उन्होंने कहा कि लोग समझ रहे थे कि राघव विदेश में छुट्टियां बिता रहे हैं, लेकिन असलियत यह थी कि वे अपनी आंख का इलाज कराने इंग्लैंड गए थे। जयहिंद ने राघव चड्ढा को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें अपने साथ हुई इस आपबीती को जनता के सामने रखना चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम पर राघव चड्ढा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्हें खामोश करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे हार मानने वाले नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने मारपीट के आरोपों पर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, पर उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में कई मायनों से जोड़कर देखा जा रहा है।
ये भी पढ़े : एनसीईआरटी को मिला डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा, अब खुद तैयार कर सकेगा डिग्री कोर्स और ले सकेगा प्रवेश परीक्षाएं
नवीन जयहिंद ने एक बातचीत में खुलासा किया कि मारपीट की यह घटना साल 2024 में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से ठीक पहले हुई थी। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे जल्द ही उन चार नेताओं के नामों का भी खुलासा करेंगे जिन्होंने राघव चड्ढा पर हाथ उठाया था। जयहिंद ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वहां केवल एक परिवार का ही दबदबा रह गया है।
गौरतलब है कि नवीन जयहिंद साल 2011 के अन्ना आंदोलन के समय से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं और हरियाणा में संगठन खड़ा करने में उनकी अहम भूमिका रही है। केंद्रीय नेतृत्व से मतभेदों के चलते उन्होंने साल 2022 में खुद को पार्टी से अलग कर लिया था और अब वे ‘जयहिंद सेना’ नामक संगठन के जरिए सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उनके इन आरोपों ने आम आदमी पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।


