सीएम डॉ. मोहन यादव का ऐलान...चित्रकूट को बनाएंगे भव्य और दिव्य धाम

सीएम डॉ. मोहन यादव का ऐलान…चित्रकूट को बनाएंगे भव्य और दिव्य धाम

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश सतना

एजेंसी, सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मशती वर्ष मना रहे हैं। अटलजी के जन्मशती वर्ष में ही मध्यप्रदेश का रीयलस्टिक डेवलपमेंट (अभ्युदय) हो रहा है। हम मध्यप्रदेश में सरकार नहीं, परिवार चलाते हैं।

हमारे निर्णयों में अंत्योदय भी है और ग्रामोदय भी। सतना जिला भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रहा है। इसलिए हमारी सरकार चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में विकसित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सतना के आईएसबीटी परिसर में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 31 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित आईएसबीटी का लोकार्पण किया और इसका नामकरण ‘अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राज्यीय बस अड्डा’ करने की घोषणा की। अटलजी राजनीति में शुचिता और राष्ट्रीयता के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार नए साल से प्रदेश में सरकारी बसों का संचालन प्रारंभ करेगी। मुख्यमंत्री सुगम लोक परिवहन सेवा के नाम से प्रदेश के गांव-गांव तक सस्ती और सुविधाजनक बस परिवहन सेवा प्रारंभ कर दी जाएंगी। शहरों में लग्जरी बसें चलाई जाएंगी।

एयर स्ट्रिप पर उतर सकेंगे जेट प्लेन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि सतना विमानतल की एयर स्ट्रिप की वर्तमान लंबाई बढ़ाकर अब 1800 मीटर तक की जाएगी, जिससे यहां जेट विमान भी उतर सकें। सतना जिले का कोना-कोना सिंचित किया जाएगा। बरगी नहर परियोजना का पूरा लाभ सतना जिले को मिलेगा। इससे यहां की डेढ़ लाख हैक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी।

राज्य सरकार विरासत का संरक्षण कर रही
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम ने सतना के पास चित्रकूट धाम में 11 वर्ष गुजारे थे। राज्य सरकार चित्रकूट धाम सहित सतना जिले के विकास के लिए संकल्पित है। यहां भगवान कामता नाथ विराजे हैं। देश-दुनिया के पर्यटक मंदाकनी नदी के किनारे चित्रकूट आ रहे हैं। अयोध्या के बाद चित्रकूट का अलग ही महत्व है। भगवान श्रीराम के जीवन से रिश्तों की मर्यादा समझी जा सकती है। उन्होंने सुग्रीव से मित्रता करके आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन से मित्रता का महत्व सीखने की आवश्यकता है। राज्य सरकार सनातन संस्कृति और राष्ट्र के कल्याण कार्यों को आगे बढ़ाते हुए विरासत का संरक्षण कर रही है।

ये भी पढ़ें : 2026 में खुलेंगे ये सुपर एक्सप्रेसवे, 1.8 लाख मौतें रोकने पर फोकस : गडकरी का बड़ा ऐलान

Leave a Reply