झाबुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 फरवरी को झाबुआ में जनजाति सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही भाजपा की ओर से लोकसभा चुनाव प्रचार का शुभारंभ भी करेंगे। इस सिलसिले में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा व लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह झाबुआ आए। प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने झाबुआ, आलीराजपुर, धार आदि क्षेत्र से आए भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने 11 फरवरी के बड़े आयोजन के लिए सभी को जुट जाने का कहा। साथ ही पत्रकारों से चर्चा में बताया कि 11 फरवरी को झाबुआ में जनजाति सम्मेलन आयोजित हो रहा है। इसमें रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के साथ धार जिले से भी लोग आएंगे। कांग्रेस के ईवीएम में गड़बड़ी करने के आरोप के जवाब में कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का खेल खत्म हो गया है। उसके पास कुछ नहीं बचा इसलिए अनर्गल आरोप लगा रही है। जल्दी प्रत्याशी घोषित करने के सवाल पर कहा कि यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने इससे पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों से गोपालपुरा हवाई पट्टी पर सभा करवाने को लेकर चर्चा की।
मन में भगवा रखें
प्रदेशाध्यक्ष शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी सिंह व सह प्रभारी सतीश उपाध्याय झाबुआ के शगुन गार्डन में क्षेत्रीय भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। उन्होंने घरों के साथ मन में भी भगवा रखने का आह्वान किया। लोकसभा चुनाव के लिए जुट जाने व घर-घर जाने का भी कहा।
निगाहें वोट बैंक पर
आदिवासी वोट बैंक को साधने के रूप में इस सम्मेलन को देखा जा रहा है। प्रदेश में झाबुआ से ही लोकसभा चुनाव प्रचार का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनजाति समाज को यह संदेश देंगे कि भाजपा सरकार उनके साथ हमेशा से खड़ी है। अब तक हुए कार्यों के बारे में बताने के साथ आदिवासी क्षेत्र के विकास का माडल प्रस्तुत किया जाएगा।


