एजेंसी, मुंबई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच चुके हैं। मंगलवार की आधी रात के आसपास वे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरे, जहां महाराष्ट्र के गवर्नर और मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह मैक्रों की 2017 में राष्ट्रपति बनने के बाद चौथी भारत यात्रा है और पहली बार मुंबई में।
पीएम मोदी का खास संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मैक्रों का स्वागत करते हुए लिखा कि “भारत आपकी यात्रा का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। मुझे विश्वास है कि हमारी चर्चा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करेगी और वैश्विक प्रगति में योगदान देगी। जल्द ही मुंबई और फिर दिल्ली में मिलते हैं, मेरे प्रिय मित्र।” इससे पहले मैक्रों ने विमान की खिड़की से ली गई तस्वीर शेयर कर पोस्ट किया था “भारत के रास्ते में! मुंबई से नई दिल्ली तक हमारी रणनीतिक साझेदारी को और भी आगे ले जाने के लिए तीन दिन।”
राफेल डील और एआई सहयोग पर फोकस
यात्रा के दौरान सबसे बड़ी चर्चा 114 राफेल लड़ाकू विमानों की मेगा डील पर है। रक्षा मंत्रालय और रक्षा अधिग्रहण परिषद ने हाल ही में इस ₹3.25-3.60 लाख करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। अधिकांश विमान मेक इन इंडिया के तहत भारत में ही बनाए जाएंगे (करीब 50%+ लोकलाइजेशन का लक्ष्य)। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा रक्षा सौदा होगा, जिसमें तकनीकी हस्तांतरण और स्थानीय उत्पादन पर जोर है। दोनों नेता मुंबई में द्विपक्षीय बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगाने की संभावना है। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर फोकस रहेगा। मैक्रों इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 (16-20 फरवरी, भारत मंडपम, नई दिल्ली) में शामिल होंगे। पीएम मोदी ने 16 फरवरी को समिट का उद्घाटन किया, और मैक्रों बुधवार-गुरुवार को इसमें भाग लेंगे। समिट में वैश्विक एआई गवर्नेंस, जिम्मेदार एआई और सहयोग पर चर्चा होगी।
व्यापार, अर्थव्यवस्था और रणनीतिक साझेदारी
मैक्रों के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आया है, जिसमें व्यापारिक नेता, औद्योगिक दिग्गज और डिजिटल विशेषज्ञ शामिल हैं।
– जनवरी 2026 में भारत-ईयू के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते ने द्विपक्षीय व्यापार को नई गति दी है।
– रक्षा, स्पेस, न्यूक्लियर, क्रिटिकल मिनरल्स, हाई-टेक और इंडो-पैसिफिक सहयोग पर भी बातचीत होगी।
– दोनों नेता इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 का भी शुभारंभ करेंगे।
मुंबई में आज दोपहर लोक भवन में पीएम मोदी और मैक्रों की बैठक होगी, जहां एमओयू साइन होंगे और प्रेस स्टेटमेंट दिया जाएगा। फिर दिल्ली में एआई समिट और अन्य कार्यक्रम।
ये भी पढ़े : लैंड फॉर जॉब केस में लालू-राबड़ी की अदालत के सामने दो टूक : कहा- वे बेगुनाह हैं और इस मुकदमे का करेंगे सामना
‘भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही विशेष’, इमैनुएल मैक्रों के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले पीएम मोदी
मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात के बाद साझा बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के संबंध बहुत ही विशेष है। फ्रांस भारत के सबसे पुराने रणनीतिक साझेदारों में से एक है। प्रेसिडेंट मैक्रों के साथ मिलकर हमने इस रणनीतिक साझेदारी को अभूतपूर्व गहराई और ऊर्जा दी है। पीएम ने कहा कि इसी विश्वास और साझा विजन के आधार पर, आज हम अपने संबंधों को स्पेशल ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के रूप में स्थापित कर रहे हैं। हमें गर्व है कि भारत और फ्रांस मिलकर, माउंट एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक उड़ान भरने वाला, विश्व का एकमात्र हेलीकॉप्टर भारत में बनाएंगे और पूरे विश्व को एक्सपोर्ट करेंगे।
2026, भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग प्वाइंट-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2026, भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग प्वाइंट है। कुछ ही दिन पहले, हमने यूरोपियन यूनियन के साथ, भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया। ये समझौता भारत और फ्रांस संबंधों में भी अभूतपूर्व गति लाएगा।
ग्लोबल इंस्टीट्यूशन के रिफॉर्म से ही ग्लोबल चैलेंज का समाधान- पीएम मोदी
हम इंडो-फ्रैंच सेंटर फॉर एआई इन हेल्थ, इंडो-फ्रैंच सेंटर फॉर डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्किलिंग इन एयरोनॉटिक्स लॉन्च करने जा रहे हैं। और यह मात्र संस्थान नहीं हैं, यह फ्यूचर बिल्डिंग प्लेटफॉर्म हैं। आज दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऐसे माहौल में, भारत-फ्रांस साझेदारी एक फोर्स फॉर ग्लोबल स्टेबलिटी है। हम एकमत हैं कि ग्लोबल इंस्टीट्यूशन के रिफॉर्म से ही ग्लोबल चैलेंज का समाधान निकलेगा।


