नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को करीब 40 स्कूलों को बम की धमकी वाला मेल मिला और मेल में 30,000 अमेरिकी डॉलर की मांग की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। धमकी एक ही ई-मेल के जरिए दिल्ली के प्रमुख स्कूलों को भेजी गई थी, जिनमें आरके पुरम का दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), पश्चिम विहार का जीडी गोयनका, चाणक्यपुरी में द ब्रिटिश स्कूल, अरबिंदो मार्ग स्थित द मदर्स इंटरनेशनल, मंडी हाउस का मॉडर्न स्कूल, डीपीएस वसंत कुंज, सफदरजंग का दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल, डीपीएस ईस्ट ऑफ कैलाश और सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिन स्कूलों को धमकी मिली थी, उनमें से अधिकतर ने अपनी कक्षाएं स्थगित कर दीं तथा छात्रों को घर वापस भेज दिया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह सात बजकर छह मिनट पर डीपीएस आरके पुरम से और सुबह छह बजकर 15 मिनट पर जीडी गोयनका, पश्चिम विहार से बम की धमकी वाली सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि श्वान दस्ता, बम निरोधक दल और स्थानीय पुलिस सहित दमकल विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा स्कूलों में तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस के एक अधिकारी ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे बताया कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है। सूत्रों ने बताया कि यह ईमेल स्कूल की आईडी पर रविवार रात 11 बजकर 38 मिनट पर आया, जब स्कूल बंद थे। ईमेल में लिखा था, ‘‘मैंने इमारत के अंदर कई बम लगाए हैं। बम छोटे हैं और बहुत अच्छी तरह से छिपाए गए हैं। इससे इमारत को बहुत अधिक नुकसान नहीं होगा, लेकिन बमों के फटने से कई लोग घायल हो जाएंगे।’’ मेल में यह भी लिखा है, ‘‘अगर मुझे 30,000 डॉलर नहीं मिले तो आप सभी को नुकसान उठाना होगा और इसकी कीमत चुकानी होगी। इस हमले के पीछे =ई2=80=9सीकेएनआर=ई2=80=9डी समूह का हाथ है।’’
अभिभावकों को भेजे गए संदेश में मयूर विहार स्थित मदर मेरी स्कूल ने कहा, ‘‘आज सुबह स्कूल में बम की धमकी को लेकर एक ईमेल प्राप्त हुआ। इसलिए, एहतियात के तौर पर छात्रों को तुरंत वापस भेजा जा रहा है। आपसे अनुरोध है कि कृपया अपने बच्चों को अपने-अपने बस स्टॉप से ले जाएं।’’ अपनी बेटी को स्कूल से वापस लाते समय अभिभावकों में से एक हरीश ने मीडिया से कहा, ‘‘मुझे स्कूल से आपात संदेश मिला। यह सरकार की विफलता है क्योंकि स्कूलों को नियमित रूप से ऐसी धमकियाँ मिल रही हैं।’’ मई में दिल्ली के 200 से अधिक स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को इसी तरह की बम की धमकी मिली थी, लेकिन मामला अब तक सुलझा नहीं है क्योंकि मेल वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग करके भेजा गया था।

दिल्ली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा को लेकर केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा
नई दिल्ली। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को राजधानी के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दिल्लीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की इतनी खराब स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली के लोगों को जवाब देने की मांग की। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को सुबह दिल्ली के करीब 40 प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अधिकतर स्कूलों ने छात्रों को अपने घर वापस जाने को कहा है। मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने की अपनी एकमात्र जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि दिल्ली में जबरन वसूली, हत्या और गोलीबारी जैसे सामान्य अपराधों के बाद अब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली में कानून-व्यवस्था की इतनी खराब स्थिति पहले कभी नहीं रही। भाजपा नीत केंद्र सरकार दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने की अपनी एकमात्र जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।’’ आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर चिंता व्यक्त की। पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ‘नींद’ से जाग जाना चाहिए क्योंकि स्कूलों को धमकियां दी जा रही हैं। इस वर्ष यह दूसरी बार है जब दिल्ली में बड़ी संख्या में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मई में 200 से अधिक स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को इसी प्रकार की बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, लेकिन किसी मामले का समाधान नहीं निकल पाया क्योंकि ईमेल भेजने वाले ने वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का उपयोग किया था।


