महाकुंभ मेले में लगी आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू, घटना स्थल पर पहुंचे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां बने रेलवे ब्रिज के नीचे लगे टेंट में आग लगी है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद है, और आग बुझाने का काम कर रही हैं। बताया जा रहा है तुलसी मार्ग पर सेक्टर 19 रेलवे पुल नंबर 12 के नीचे विवेकानंद सेवा समिति वाराणसी के टेंट में यह आग लगी है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि 15 से 20 टेंट आग की जद में आने से जल गए हैं। मौके पर अफरातफरी का माहौल है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग लगने की घटना के बाद चारों पीपा पुल को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई है। मेले के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रमोद शर्मा ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि आग ने करीब 18 शिविरों को अपनी चपेट में ले लिया है। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15-16 गाड़ियां भेजी गई हैं। महाकुंभ नगर के अखाड़ा पुलिस थाना के प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया, ‘‘महाकुंभ मेले के सेक्टर 19 में दो एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे शिविरों में भीषण आग लग गई। अग्निशमन कर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

शास्त्री ब्रिज के नीचे पंडालों में लगी आग काबू में
महाकुंभ में शास्त्री ब्रिज के नीचे पंडाल में आग लग गई है। कई फीट ऊपर काला धुआं उठ रहा है। जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुल के ऊपर ट्रैफिक रोका कर आग पर काबू पाया गया है। महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-19 में पांटून पुल 12 स्थित अखिल भारतीय धर्म संघ श्रीकरपात्री धाम वाराणसी के शिविर में आग लगी है। कैंपों में रखे एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में हैं। रुक-रुककर सिलेंडर फट रहे हैं। गीता प्रेस भी आग की चपेट में है। फिलहाल आग पर काबू पाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आग की घटना का संज्ञान लिया है और स्वयं भी मौके पर पहुंच गए हैं। इससे पहले उनके निर्देश पर कई प्रशासनिक अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। वहीं घटना की जानकारी समाने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर सीएम योगी से बात की है। यह जानकारी अधिकारी ने दी है।

आग की घटना पर क्या बोले अधिकारी…

एडीजी भानु भास्कर ने कहा, “हमें 04:08 बजे सूचना मिली की एक सिलेंडर फटने के कारण सेक्टर 19 में आग लगी है। 3 मिनट में हमारे उत्तर प्रदेश पुलिस और फायर सर्विस के लोग मौके पर पहुंच गए। स्वंय सेवी संस्थान की भी मदद ली गई और लोगों को निकाल लिया गया। स्थल को खाली कराने के बाद आग पर काबू पाया गया। 4:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया…”

डीआइजी वैभव कृष्ण ने कहा, “गीता प्रेस के टेंट में आग लगी है। अखाड़े में आग नहीं लगी है और कोई जनहानि नहीं हुई है। हमारी बचाव टीम लगी हुई है। कितनी आग है उसका सर्वे कराया जा रहा है। किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। आग काबू में है। आग लगने का कारण जांच का विषय है।”

प्रयागराज के डीएम रविंद्र कुमार मंदर ने कहा, “आज 4:30 बजे कुंभ क्षेत्र सेक्टर 19 के गीता प्रेस में आग लगने की सूचना हमे मिली थी। अग्निशमन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गीता प्रेस के साथ 10 प्रयागवाल के टेंट में भी आग फैलने की सूचना मिली थी जिसको बुझा लिया गया है। स्थिति सामान्य है, किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।”

Leave a Reply