उज्जैन। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव महाकाल के आंगन में भी मनाया जाएगा। मंदिर समिति के सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर मंदिर प्रशासन ने तैयारी शुरू करा दी है। समिति के सदस्यों का सुझाव है कि इस शुभ अवसर पर सवा लाख लड्डू तथा रामलला को भोग लगाने के लिए पंच पात्र भी अयोध्या भेजे जाएं।
महाकाल मंदिर में उत्सव की तैयारी
समिति सदस्य राजेंद्र शर्मा गुरु, पंडित राम पुजारी व पुजारी प्रदीप गुरु ने मंदिर समिति अध्यक्ष कलेक्टर नीरज सिंह व प्रशासक संदीप कुमार सोनी को राम मंदिर प्रतिष्ठा का महोत्सव महाकाल मंदिर में मनाने के लिए प्रस्ताव दिया है। इसमें 22 जनवरी को महाकाल मंदिर को फूलों और विद्युत रोशनी से सजाए जाने तथा महाकाल दर्शन करने आने वाले भक्तों को प्रसाद स्वरूप लड्डू अथवा हलवा प्रसादी वितरित करने का सुझाव है। समिति सदस्यों का कहना है कि प्रतिष्ठा महोत्सव में अयोध्या में रामलाल के दर्शन करने जाने वाले भक्तों को महाकाल का लड्डू प्रसाद भी मिल सके, इसके लिए मंदिर समिति सवा लाख लड्डू तथा रामलाल को भोग लगाने के लिए पंचपात्र अयोध्या भेजे। श्रीराम मंदिर ट्रस्ट द्वारा अयोध्या में होने वाले प्रतिष्ठा महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा। महाकाल दर्शन करने आने वाले भक्त भगवान के दर्शन के साथ प्रतिष्ठा महोत्सव का सीधा प्रसारण देख सकें, इसके लिए मंदिर परिक्षेत्र में विशाल स्क्रीन लगाई जानी चाहिए। श्री महाकाल महालोक में प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंग से जुड़ी झांकियों के निर्माण का सुझाव भी दिया गया है।


