एजेंसी, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार रात दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। मुंबई से दर्शन करने आई महिला ने आरोप लगाया है कि मंदिर परिसर में उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे मुंबई निवासी रेशमा सोनवाड़े अपनी तीन महिला साथियों के साथ दर्शन के लिए लाइन में आगे बढ़ रही थीं।
क्या है विवाद की वजह ?
महिला का कहना है कि चांदी की पालकी गेट के पास टनल क्षेत्र में सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को आगे बढ़ा रहे थे। इसी दौरान एक पुरुष गार्ड द्वारा कंधे पर हाथ रखकर धक्का देने पर उन्होंने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद महिला गार्ड को बुलाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। महिला का कहना है कि कुछ पुरुष सुरक्षाकर्मी भी इसमें शामिल हो गए। घटना के दौरान कुछ अन्य श्रद्धालुओं को भी बाहर निकाल दिया गया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
ये भी पढ़े : मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खदान में भीषण विस्फोट : 16 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी
महिला श्रद्धालु ने महाकाल थाने में की शिकायत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग इस व्यवहार से नाराज दिखाई दिए। महिला श्रद्धालु ने महाकाल थाने में शिकायती आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कई सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उसके साथ हाथापाई की, जिससे उसे चोटें आईं। उसने कहा कि वह दर्शन करने आई थी, लेकिन खराब अनुभव लेकर लौटना पड़ा।
मंदिर समिति व महिला गार्ड ने अलग पक्ष रखा
वहीं, मंदिर समिति और महिला सुरक्षाकर्मी ने भी अलग पक्ष रखा है। महिला गार्ड का आरोप है कि श्रद्धालु लाइन रोक रही थी और समझाने पर विवाद करने लगी। उसके अनुसार, महिला ने गार्ड का गला पकड़ लिया और नाखून मारकर चोट पहुंचाई। इस घटना में एक महिला सुरक्षाकर्मी के घायल होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल दोनों पक्षों ने महाकाल थाने में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।


