एमपीआइडीसी ने शुरू की ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने कोयंबटूर में उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे चर्चा
गारमेंट और टाइल्स सेक्टर में मध्य प्रदेश में बड़ी निवेश संभावनाएं
इंदौर| आगामी वर्ष में होने वाली मप्र ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर मप्र औद्योगिक विकास निगम(एमपीआइडीसी) अभी से तैयारी में जुट गया है। कुछ दिनों पहले मुंबई में प्रदेश के मुखिया मोहन यादव उद्योगपतियों से मिले और प्रदेश में निवेश की संभावना को लेकर चर्चा की थी। इसी कड़ी में गुरुवार को मुख्यमंत्री यादव कोयंबटूर में उद्योगपतियों से मुलाकात कर इंदौर सहित प्रदेशभर में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। इस इंटरेक्टिव सेशन आन इन्वेस्टमेंट अपार्चुनिटीज इन मध्य प्रदेश के कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री यादव कोयंबटूर पहुंच गए हैं। इस कार्यक्रम के लिए मप्र औद्योगिक विकास निगम की इंदौर टीम पिछले 10 दिनों से कोयंबटूर में है और तैयारियों में जुटी हुई है।
कोयंबटूर में मुख्यमंत्री
एमपीआइडीसी ने फरवरी 2025 में होने वाली इन्वेस्ट मध्य प्रदेश: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। कोयंबटूर में मुख्यमंत्री सबसे पहले बेस्ट कार्पोरेशन फैक्ट्री तिरुपुर पहुंचे और फैक्ट्री का जायजा लिया। इसके बाद कार्पोरेशन और मेसर्स क्राफ्ट्समैन के प्रतिनिधियों से चर्चा की। गुरुवार को लिमेडिएडन होटल कोयंबटूर में मुख्य कार्यक्रम होगा। यहां पर एक हजार से अधिक छोटे-बड़े उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है। वहीं 100 विशेष उद्योगपति भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां सबसे पहले मुख्यमंत्री मप्र के निवेश की संभावना और विशेषताओं के बारे में बताएंगे। इसके बाद यहां कुछ उद्योपतियों के निवेश प्रस्ताव भी पास होंगे।
टाइल्स और गारमेंट सेक्टर में ज्यादा संभावनाएं
जानकारी के अनुसार तमिलनाडु में सबसे ज्यादा टेक्सटाइल्स, गारमेंट और इंजीनियरिंग क्षेत्र के बड़े उद्योग संचालित हो रहे हैं। एमपीआइडीसी का पूरा फोकस खासतौर पर इन्हीं सेक्टर पर है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को जो निवेश प्रस्ताव पास किए जाएंगे, उनमें इस सेक्टर के कुछ बड़े उद्योग भी शामिल होंगे।


