मप्र : मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 12 जिलों में धुंआधार बारिश का अलर्ट जारी

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मानसून अब तकरीबन पूरे प्रदेश पर छा गया है। सीधी-सिंगरौली के छोटे से उत्तरी हिस्से तक पहुंचना बाकी है। भोपाल सहित कई शहरों में गुरुवार को मानसून की पहली अच्छी बारिश हुई। राजधानी में सुबह तक पौने दो इंच और शाम को आधा इंच और दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में ही शहर में सवा दो इंच बारिश रेकॉर्ड की गई। ग्वालियर में सुबह तक यहां दो इंच से अधिक बारिश हुई। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में आ रही नमी से प्रदेश में सिस्टम बना हुआ है। अगले चार-पांच दिन प्रदेश में ऐसी ही बारिश हो सकती है।

बन गया चक्रवात
मौसम विभाग के ने बताया, अगले चार से पांच दिन तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। अभी मध्य गुजरात में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। यहां से एक द्रोणिका मप्र, राजस्थान, यूपी से गुजरात तक जा रही है। राजस्थान में भी ऊपरी हवा का चक्रवात भी सक्रिय है। इसलिए प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश-बौछारें हो रही हैं।

इन जिलों में बारिश अलर्ट
राजधानी भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, शहडोल, छतरपुर, अनूपपुर, बालाघाट, मुरैना और दमोह में तेज आंधी चलने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं उज्जैन, इंदौर, रतलाम, जबलपुर, रायसेन, खंडवा, खरगोन और बड़वानी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका है। इनके अलावा अन्य जिलों में हल्की बूंदाबादी के साथ तेज हवाएं चल सकती है।

Leave a Reply