मप्र : ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 की मौत, 15 घायल

ग्वालियर प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

ग्वालियर| मध्य प्रदेश से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से चार लोग हादसे का शिकार हो गए। घटना ग्वालियर जिले की है, जहां एक भैंस को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गए। इस घटना में चार आदिवासी व्यक्तियों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। मामले में अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे घाटी गांव इलाके में हुई। घाटी गांव थाने के प्रभारी जीवनलाल माहौर ने कहा कि सहरिया आदिवासी समुदाय के 31 लोग जड़ी-बूटी इकट्ठा करने के लिए पाई खो गांव के जंगल में गए थे। जिसके बाद वो कैत गांव लौट रहे थे। इस दौरान तिलावली चौराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक एक भैंस को टक्कर से बचाने की कोशिश करने लगा, तभी नियंत्रण खोने की वजह से वाहन पलट गया। अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान फूलवती (45), रामदास (46), अरुण (14) और कस्तूरी बाई (65) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि 15 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply