पीएम मोदी से भेंट का समय मांगने पर कांग्रेस पर तंज
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर निवेश को लेकर लगाया आरोप
वीडी शर्मा बोले-2003 के पहले की दुरावस्था का हिसाब दें
भोपाल| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय भोपाल प्रवास के दौरान भेंट के लिए कांग्रेस ने समय मांगा तो मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने इस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस इस लायक तो बने। लैपटाप वितरण कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जीआइएस से लेकर विभिन्न बहाने से जमीन ढूंढ रही है लेकिन मिल नहीं रही है। उन्हें मालूम है कि वो रसातल में जा रहे हैं। मध्य प्रदेश
वीडी शर्मा ने मांगा 2003 से पहले का हिसाब
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवेश को लेकर लगाए आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि वे पहले 2003 के पहले के मध्य प्रदेश की दुरावस्था का हिसाब दें। आज का विकसित मध्य प्रदेश ही भाजपा सरकारों के काम का हिसाब है। शर्मा ने कहा, 2003 से पहले मध्य प्रदेश एक बीमारू राज्य था और दुरावस्था का शिकार था। 2003 के बाद भाजपा सरकारों ने मध्य प्रदेश को खुशहाली और विकास के रास्ते पर आगे बढाना शुरू किया। प्रदेश में हुए इस विकास का हिसाब मध्य प्रदेश की जनता दे रही है।


