भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में भर्ती राज्यपाल मंगुभाई पटेल की हालत में अब सुधार है। उन्हें सोमवार शाम को वायरल फीवर की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्यपाल से मिलने एम्स पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम पूछी। वह कुछ देर तक एम्स में रहे। इस दौरान उन्होंने एम्स में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ओपीडी में मौजूद मरीजों व उनके स्वजन से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जाना। इस दौरान एम्स के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह भी उनके साथ रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज एम्स भोपाल पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। मुख्यमंत्री जी ने यहां इलाज के लिए आए मरीजों व उनके परिजनों से भी संवाद कर अस्पताल में मिल रहीं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एम्स परिसर में मौजूद पत्रकारों को बताया कि राज्यपाल की सेहत पहले से बेहतर है। उन्हें अस्पताल से जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने एम्स में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतुष्टि जताई और कहा कि यहां सभी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार हुआ है।


