एजेंसी, मध्य प्रदेश। गुना जिले के बजरंगगढ़ क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भयावह सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में 3 संविदा कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पशु चिकित्सालय में कार्यरत थे, जिनमें एक डॉक्टर भी शामिल था। जानकारी के अनुसार सभी लोग एक कार (यूपी 75 एवाई 3966) में सवार होकर आरोन से गुना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के भिलेरा गांव के पास एक ट्रक (एमपी 09 एचजे 8380) सामने से आ गया। लगभग रात 2 बजे घने कोहरे के कारण कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह 50 फीट हवा में उछल गई। कार को वेटनरी डॉक्टर नमो नारायण चला रहे थे। हादसे में तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
ट्रक में भरा था केमिकल, ड्राइवर फरार
जिस ट्रक से भिड़ंत हुई उसमें केमिकल लदा हुआ था। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल छोड़कर फरार हो गया। मृतकों में डॉक्टर नमो नारायण निवासी श्योपुर, आकाश जाटव निवासी मेहगांव जिला भिंड और मनीष निवासी बीनागंज जिला गुना शामिल हैं। घायलों में सूरज जाटव, अजय, पारस और योगेश बताए गए हैं।
घायल कर्मचारियों का बयान — सामने से अचानक आया ट्रक
सड़क हादसे में घायल एक संविदा कर्मचारी ने बताया कि वे सभी आरोन से गुना जा रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ गया और भीषण एक्सीडेंट हो गया। टक्कर इतनी भारी थी कि कार के हिस्से दूर-दूर तक बिखर गए।
पुलिस और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची
हादसे की खबर मिलते ही बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक डॉक्टर नमो नारायण श्योपुर का निवासी था, आकाश भिंड जिले का और मनीष बीनागंज का रहने वाला था।
सीएसपी का बयान — शव भेजे गए पीएम के लिए
सीएसपी गुना प्रियंका मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में तीन संविदा कर्मचारियों की मौत होने पर पुलिस ने मृतकों के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घायलों को भी इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया है।


