भोपाल| लोकसभा चुनावों के बीच मध्यप्रदेश में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दमोह में एक किशोरी के हत्यारे के घर पर बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस और राजस्व अधिकारियोें ने ये कार्रवाई की। दमोह के बिरसा बालाघाट रेंज के माटे में 14 वर्षीय किशोरी की हफ्ते भर पहले हुई हत्या के मामले में शुक्रवार को कातिल का घर बुलडोजर से ढहा दिया। इससे पहले बुरहानपुर में खरगोन में भी दुष्कर्मियों के घर और दुकान ढहा दिए गए थे। प्रदेश के तीन अलग अलग शहरों में किशोरियों के साथ वारदात करनेवालों पर सख्त कार्रवाई की गई है। दमोह में आरोपी परसराम धुर्वे ने 16 मई को देसी कट्टे से गोली मारकर किशोरी की हत्या कर दी थी। मृत किशोरी आदिवासी समाज की थी और इस घटना के बाद लोगों में जबर्दस्त आक्रोश था। आरोपी के परिजनों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए शुक्रवार को आरोपी के घर पर बुलडोजर चलवा दिया।
इससे पहले प्रदेश के ही बड़वानी जिले के सेंधवा में 11 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म के आरोपी के घर को गिरा दिया गया था। गुरुवार को बुरहानपुर में भी छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी के घर के ढहाया गया था। सेंधवा में 35 साल के ऑटो रिक्शा चालक ने मंगलवार रात मासूम बच्ची से दुष्कर्म किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। गुरुवार को सेंधवा की सीएमओ मधु चौधरी ने बताया, कि आरोपी के घर को ध्वस्त कर दिया गया है। इधर बुरहानपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अंतरसिंह कनेश ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी के घर को बुलडोजर से ढहा दिया। आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई होने पर लोगों ने खुशी जताई है। आरोपी ने 18 मई को छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और उसका गला घोंटने के बाद उसके शव को जर्जर घर में फेंक दिया था। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी गौरव उर्फ खुशाल को गिरफ्तार किया जिसने अपना अपराध कबूल कर लिया।


