मणिपुर में सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला, 2 जवान शहीद, 4 घायल, सर्च ऑपरेशन जारी

देश/प्रदेश नई दिल्ली मणिपुर राष्ट्रीय

एजेंसी, इंफाल| मणिपुर में उग्रवादियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है. शुक्रवार शाम बिष्णुपुर ज़िले के नम्बोल सबल लाइकाई इलाके में अज्ञात हमलावरों ने असम राइफल्स की गश्ती गाड़ी पर धावा बोल दिया. अचानक हुए इस हमले में दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि चार जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. हमला इतना तेज़ था कि जवानों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, उग्रवादी पहले से घात लगाकर बैठे थे और जैसे ही वाहन उस क्षेत्र से गुज़रा, ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. जवाबी कार्रवाई के बीच हमलावर घने इलाक़े में छिपकर भागने में सफल रहे.

जवाब से पहले ही बरसाई गईं ताबड़तोड़ गोलियां
घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, सेना और पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की तलाश तेज़ी से की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. केंद्रीय एजेंसियां भी इस घटना की जांच में स्थानीय पुलिस और सेना को सहयोग दे रही हैं.

Leave a Reply