मणिपुर में भीड़ और सेना के बीच फायरिंग, गृह मंत्री ने सर्वदलीय बैठक बुलाई

नई दिल्ली मणिपुर राष्ट्रीय राष्ट्रीय

इंफाल: मणिपुर हिंसा के 50वें दिन गुरुवार सुबह इंफाल वेस्‍ट जिले के नॉर्थ बोलजांग में भीड़ और सेना के बीच फायरिंग हुई। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मणिपुर के हालात देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार 24 जून को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक को कांग्रेस ने बहुत लेट और नाकाफी बताया है। कांग्रेस का कहना है कि अगर मणिपुर के लोगों के साथ बातचीत की कोशिश दिल्ली में बैठकर की जाएगी, तो इसमें गंभीरता नहीं दिखेगी।

मणिपुर में तीन मई से शुरू हुई हिंसा के 50 दिन पूरे हो गए हैं। लेकिन वहां के हालात खराब बने हुए हैं। यहां रोजाना ही फायरिंग या ब्लास्ट की घटनाएं हो रही हैं। बुधवार रात बिष्णुपुर में कार विस्फोट में तीन लोग घायल हुए, जबकि बुधवार शाम करीब 5:45 बजे इंफाल ईस्ट जिले में ऑटोमैटिक स्मॉल आर्म्स के शॉट फायर किए गए। गृह मंत्री अमित शाह के सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने को लेकर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार तब जागी है जब सोनिया गांधी ने मणिपुर के लोगों को संबोधित किया। इस गंभीर समस्या पर होनी वाली बैठकों से पीएम का दूर रहना उनकी कायरता दिखाता है। इससे पता चलता है कि वे अपनी असफलताओं का सामना नहीं करना चाहते हैं। जब कई नेताओं ने कई बार उनसे मिलने की कोशिश की, तब भी वे समय नहीं निकाल सके।

उन्होंने कहा कि जब से मणिपुर का दौरा करके अमित शाह लौटे हैं, तब से वहां के हालात और बिगड़ गए हैं। वेणुगोपाल ने यह सवाल भी उठाया कि ऐसे हालात में भी मणिपुर की पक्षपात करने वाली सरकार को न हटाना और राष्ट्रपति शासन लागू न करना एक मजाक जैसा लग रहा है| बता दें कि बुधवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी करके मणिपुर के लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि इस हिंसा ने हमारे राष्ट्र की अंतरात्मा पर एक गहरा घाव छोड़ा है। इस हिंसा ने आपके राज्य (मणिपुर) में लोगों के जीवन को तबाह कर दिया और हजारों लोगों को उजाड़ दिया है।

Leave a Reply