मणिपुर में उपद्रवियों ने मैतेई इलाके में 3 घर जलाए, कई राउंड फायरिंग की

मणिपुर राष्ट्रीय राष्ट्रीय

इंफाल| मणिपुर में एक बार फिर हिंसा हुई। हमलावरों ने मैतेई इलाके में घुसकर रात करीब साढ़े 10 से 11 के बीच दो-तीन घरों में आग लगा दी। घटना इंफाल वेस्ट के कैथेलमांगबी के पत्सोई थाना क्षेत्र की है। सभी हमलावर हथियार से लैस थे। पुलिस ने बताया कि उपद्रवियों ने कई राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद हमलावर भाग गए। इसके बाद मैतेई समुदाय की महिलाओं का एक समूह घटनास्थल पर जुट गया। सुरक्षाबलों ने महिलाओं को आगे बढ़ने से रोका और शांति कायम करने की कोशिश की। पुलिस ने दावा किया है कि हालात को काबू में कर लिया गया है। हालांकि, गुरुवार सुबह तक फायरिंग की आवाज रुक-रुक कर आती रही। जुलाई से लापता दो स्टूडेंट्स की हत्या की बात सामने आने के बाद से ही मणिपुर में हिंसा हो रही है।

मणिपुर में हिंसा फिर क्यों भड़की, जानें…

23 सितंबर: राज्य में 23 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट से बैन हटने के बाद दो स्टूडेंट्स के शवों की फोटो सामने आई थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। फोटो में दोनों की बॉडी जमीन पर पड़ी हुई नजर आ रही है। साथ ही लड़के का सिर कटा हुआ है। हालांकि, दोनों के शव अभी तक नहीं मिले हैं। जुलाई में दोनों स्टूडेंट्स एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में दिखाई दिए थे, लेकिन उसके बाद से उनका पता नहीं चल सका है।

26 सितंबर: इंफाल शहर में 26 सितंबर को सुरक्षाबलों और स्टूडेंट्स के बीच झड़प हुई। इसमें 1 टीचर सहित 54 छात्र घायल हो गए। स्टूडेंट्स जुलाई से लापता दो स्टूडेंट्स की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने एक बार फिर मोबाइल इंटरनेट पर 1 अक्टूबर तक के लिए बैन लगा दिया है।

27 सितंबर: रात करीब 11 बजे प्रदर्शनकारियों ने इंफाल वेस्ट जिले में डिप्टी कलेक्टर के घर पर हमला किया। उनके घर के कैंपस में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी, जबकि मेन गेट को तोड़ दिया। एक लैंप पोस्ट को जड़ से उखाड़ दिया और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। इन प्रदर्शनकारियों का मकसद डिप्टी कलेक्टर के घर में आग लगाना था। पुलिस को घर के कैंपस में पेट्रोल बम की बोतलें मिली हैं। इसके अलावा भीड़ ने थाउबल जिले में BJP ऑफिस में आग लगा दी गई। इसके अलावा इंफाल में BJP प्रेसिडेंट शारदा देवी के घर पर भी तोड़फोड़ की गई है।

28 सितंबर: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इंफाल पूर्व के लुवांगसांगबाम स्थित निजी घर परउपद्रवी हमला करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनको घर से करीब 500 मीटर पहले ही रोक लिया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दाग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। हमले के प्रयास के बाद सीएम के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

CBI ने 2 स्टूडेंट्स की हत्या के आरोप में 4 को गिरफ्तार किया
1 अक्टूबर को CBI ने दोनों स्टूडेंट्स की हत्या के आरोप में 2 महिलाओं सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया। इन्हें चुराचांदपुर से पकड़ा गया। इनके नाम पाओमिनलुन हाओकिप, एस. मालस्वान हाओकिप, लिंग्नेइचोन बाइट और टिन्नुपिंग हैं। जांच एजेंसी सभी आरोपियों को असम के गुवाहाटी ले गई। गुवाहाटी कोर्ट ने इन आरोपियों को CBI की 5 दिन की हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार लोगों में हत्या का मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी भी है। CBI उनकी दो बेटियों को भी अपने साथ ले गई, जिनकी उम्र 9 और 11 साल है। बेटियां नाबालिग हैं, इसीलिए उन्हें किसी रिश्तेदार को सौंपने की बात कही गई।​​​

19 जुलाई को महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो वायरल हुआ था
4 मई को ही दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना थोउबाल जिले में हुई थी। इसका वीडियो 19 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके ले गए और उनसे अश्लील हरक तें कीं। एक पीड़ित महिला के पति ने बताया- ‘हजार लोगों की भीड़ ने गांव पर हमला किया था। मैं भीड़ से अपनी पत्नी और गांव वालों को नहीं बचा पाया। पुलिसवालों ने भी हमें सुरक्षा नहीं दी। भीड़ 3 घंटे तक दरिंदगी करती रही। मेरी पत्नी ने किसी तरह एक गांव में पनाह ली।’ वहीं, दूसरी महिला की मां ने कहा- ‘अब हम कभी अपने गांव नहीं लौटेंगे। वहां मेरे छोटे लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई, मेरी बेटी को शर्मिंदा किया गया। अब मेरे लिए सब कुछ खत्म हो चुका है।’

मणिपुर में अब तक 180 की मौत, 1100 घायल
मणिपुर में पिछले 4 महीने से चल रही जातीय हिंसा में अब तक 180 लोग मारे गए हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इतना ही नहीं 5172 आगजनी के केस सामने आए, जिनमें 4786 घरों और 386 धार्मिक स्थलों को जलाने और तोड़फोड़ करने की घटनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply