भोपाल : अगवा दोनों बच्चियां मिली, उनका मुंडन कराय ताकि कोई पहचान ना पाये, बच्चियों को बेचना चाहते थे

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| भोपाल में कन्याभोज कराने के बहाने अगवा की गईं दोनों बच्चियां मिल गई हैं। उन्हें हरियाणा के गिरोह ने किडनैप किया था। पुलिस ने सोमवार रात कोलार क्षेत्र में इंग्लिश विला से बच्चियों को छुड़ा लिया। बच्चियों को अगवा करने वाले दंपती सहित परिवार के 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। दंपती उन्हें बेचने की फिराक में थे। बच्चियों की पहचान छिपाने के लिए उनका मुंडन कर दिया था। पुलिस ने दोनों बच्चियों को चाइल्ड लाइन के सौंप दिया है। पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों के हवाले किया जाएगा। मंगलवार को परिजन और पिता थाने में बेटियों से मिलने आए थे। शनिवार सुबह कर्फ्यू वाली माता मंदिर के बाहर काजल (8 साल) और दीपावली (11 महीने) किडनैप हो गई थीं। पुलिस की 5 टीमें सर्चिंग कर रही थी। संदिग्ध महिलाओं पर 30 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। बच्चियों की तलाश में पुलिस ने तीनों रेलवे स्टेशन और नादरा बस स्टैंड समेत बस स्टैंड जाने वाले रोड पर लगे 200 से ज्यादा सीसीटीवी खगांले।

एक ही परिवार के पांच लोग हिरासत में लिए

पुलिस ने रोडमैप बनाया। रात करीब 9 बजे पुलिस ने इंग्लिश विला स्थित मकान में दबिश दी। यहां से अर्चना (32), पति निशांत (35) बहन मुस्कान (20), भाई सूरज (22) और एक नाबालिग बहन को हिरासत में लिया है। निशांत 12वीं तक पढ़ा है। वह मूलत: केरल का रहने वाला है। वह टेक्नीशियन का काम करता है। अर्चना और उसके भाई-बहन मूलत: हरियाणा के हैं।

साथ में मर्सिडीज थी, कोलार के इंग्लिश विला में छिपाया था
मूलत: रतलाम निवासी मुकेश आदिवासी कुछ दिन से बरेला गांव, लालघाटी में परिवार के साथ रहकर मजदूरी कर रहा है। पत्नी लक्ष्मी चार बच्चों और ननद के साथ पीरगेट स्थित कर्फ्यू वाली माता मंदिर में रोजाना आ रही थीं। शनिवार को भी वे मंदिर में बैठे थे। सुबह 10:30 बजे एक महिला ने कन्या भोज के बहाने बच्चियां मांगी। लक्ष्मी ने बड़ी बेटी काजल (8) और दीपावली (1) को सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद महिला व उसकी साथी बच्चियों को लेकर गायब हो गईं। डीसीपी क्राइम श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिलाएं रेतघाट तक जाती दिखीं। उनके साथ एक मर्सिडीज भी थी।

विदेशी कुत्ते करते थे मकान की निगरानी

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने आठ दिन पहले ही कोलार के इंग्लिश विला में मकान किराए पर लिया था। बच्चों की निगरानी के लिए आरोपियों ने विदेशी कुत्ते पाल रखे थे। आरोपियों के पास से पुरानी कार भी मिली है।

अगले महीने छोटी बेटी का है जन्मदिन

मुकेश का कहना है कि छोटी बेटी 11 महीने की दीपावली पिछले साल दीपावली के दिन पैदा हुई थी। इस लिए उसका नाम दीपावली रख दिया। अगले महीने उसका जन्मदिन आने वाला था। यह उसका पहला जन्मदिन होगा, इससे पहले ही उसे अगवा कर लिया गया। हमें नहीं पता था नए शहर में हमरे साथ ऐसी घटना होगी। बच्चों के बहतर भविष्य की उम्मीद से भोपाल आया था। सोचा था, यहां अच्छी कमाई कर बच्चों का भविष्य अच्छा होगा। इससे पहले, दैनिक भास्कर की टीम बच्चियों की मां से बात करने पहुंची। पता चला कि वह रविवार सुबह से रात तक मंदिर के बाहर बैठी रही।

Leave a Reply