भारत के लिए ऐतिहासिक दिन आज, शुभांशु शुक्ला ने भरी स्पेस के लिए उड़ान

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। वो ऐतिहासिक पल आखिरकार आ गया है जब भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष मिशन पर जाकर देश का नाम रोशन कर दिया हैं। एक्सिओम-4 मिशन के तहत आज, बुधवार को दोपहर 12:01 बजे, शुभांशु ने अंतरिक्ष के लिए उड़ान भर दी है। इस अंतरिक्ष यान में भारत के साथ-साथ अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल है। यह लॉन्च फ्लोरिडा के नासा कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से होगा। इस रॉकेट को दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट माना जा रहा है। स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बुधवार को अंतरिक्ष स्टेशन जाने के लिए एक्सिओम स्पेस के एएक्स-4 मिशन के प्रक्षेपण के लिहाज से सभी प्रणालियां दुरुस्त दिख रही हैं और उड़ान के लिए मौसम 90 प्रतिशत अनुकूल है।’’ नासा ने कहा कि नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स ने अब अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के चौथे निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन ‘एक्सिओम मिशन 4’ के प्रक्षेपण के लिए बुधवार, 25 जून को दोपहर 12 बजकर एक मिनट (भारतीय समयानुसार) का लक्ष्य रखा है।

एक्सिओम-4 वाणिज्यिक मिशन का नेतृत्व कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं, जिसमें शुक्ला मिशन पायलट हैं और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू व पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की मिशन विशेषज्ञ हैं। इस मिशन के तहत प्रक्षेपण मूलतः 29 मई को होना था लेकिन फाल्कन-9 रॉकेट के बूस्टर में तरल ऑक्सीजन के रिसाव और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के पुराने रूसी मॉड्यूल में भी रिसाव होने का पता चलने के बाद पहले इसे आठ जून, फिर 10 जून और फिर 11 जून के लिए टाल दिया गया। इसके बाद प्रक्षेपण की योजना फिर 19 जून के लिए टाल दी गई और फिर नासा द्वारा रूसी मॉड्यूल में मरम्मत कार्यों के बाद कक्षीय प्रयोगशाला के संचालन का आकलन करने के लिए प्रक्षेपण की तिथि 22 जून तय की गई। यह मिशन फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र के ‘लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए’ से प्रक्षेपित किया जाएगा।

‘एक भारतीय की उड़ान से देश उत्साहित और गौरवान्वित’ एक्सिओम-4 पर बोलीं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने बताया भारतीयों की उम्मीद
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के लिए रवाना होकर इतिहास रच दिया है। अरबों लोगों की उम्मीदों और सपनों वाला एक्सिओम मिशन-4 भारतीय यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और चालक दल के तीन अन्य सदस्यों को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए कई बार यात्रा टलने के बाद आज दिन में 12 बजकर एक मिनट पर कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि पूरा देश भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रा से उत्साहित और गौरवान्वित है। राष्ट्रपति ने कहा कि अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा किए जाने वाले व्यापक प्रयोग वैज्ञानिक अध्ययन और अंतरिक्ष अन्वेषण के नए आयाम स्थापित करेंगे।

मुर्मू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में भारत के लिए एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। पूरा देश एक भारतीय की अंतरिक्ष यात्रा को लेकर उत्साहित और गौरवान्वित है। वह और एक्सिओम-4 मिशन के अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के उनके साथी अंतरिक्ष यात्री यह साबित करते हैं कि दुनिया वास्तव में एक परिवार है – ‘वसुधैव कुटुम्बकम’।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं। यह मिशन नासा और इसरो के बीच स्थायी साझेदारी को दर्शाता है। चालक दल द्वारा किए जाने वाले व्यापक प्रयोग वैज्ञानिक अध्ययन और अंतरिक्ष अन्वेषण के नए आयाम स्थापित करेंगे। चारों अंतरिक्ष यात्री बुधवार को एक्सिओम स्पेस द्वारा एक वाणिज्यिक मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर में ड्रैगन अंतरिक्ष यान में सवार हुए। एक्सिओम-4 मिशन ने दोपहर 12 बजकर एक मिनट पर उड़ान भरी

प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की शुभकामनाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर जा रहे अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत किया और अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएं दीं।

ओडिशा के राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने दी अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को बधाई
ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को प्रतिष्ठित एक्सिओम-4 अंतरिक्ष अभियान का हिस्सा बनने पर बधाई दी। ओडिशा के राज्यपाल ने कहा, “41 वर्ष बाद अंतरिक्ष में भारत के दूसरे अंतरिक्ष यात्री बनने पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को बधाई। एक्सिओम मिशन 4 पर शुक्ला की यात्रा नए भारत की साहसिक, महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी भावना को दर्शाती है। हमारे देश के लिए गर्व का क्षण।”

मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “प्रतिष्ठित एक्सिओम-4 अंतरिक्ष अभियान का हिस्सा बनने पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को हार्दिक बधाई। उनकी भागीदारी देश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और भारतीय वायु सेना की उत्कृष्टता, अनुशासन और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।” उन्होंने कहा, “भारत वैश्विक अंतरिक्ष अन्वेषण में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है और यह उपलब्धि देश भर में असंख्य युवाओं को प्रेरित करेगी। मैं उन्हें और उनकी पूरी टीम को सुरक्षित व सफल यात्रा की शुभकामनाएं देता हूं। यह मिशन 14 दिन की अवधि का है 1 यह मिशन 28 घंटों की यात्रा के बाद कल सुबह सात बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर उतरेगा। मिशन में भारत, हंगरी ,अमेरिका और पौलेंड के यात्री शामिल हैं। जिसका दुनिया भर के लोगों ने स्वागत किया। वहीं शुक्ला के शहर लखनऊ स्थित ‘सिटी मोंटेसरी स्कूल’ में उनके माता-पिता इस ऐतिहासिक उड़ान के गवाह बने।

सुरक्षित और सफल मिशन की कामना-कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एक्सिओम-4 के सुरक्षित और सफल मिशन की कामना करते हुए कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित वाणिज्यिक मिशन के तहत बुधवार को तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा के लिए रवाना होकर इतिहास रच दिया। सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर कहा, “ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए एक्सिओम-4 मिशन पर अंतरिक्ष में जाते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। उनकी यात्रा भारत के लिए एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है और हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने कहा, “मैं उन्हें और एक्स-4 टीम को सुरक्षित और सफल मिशन की शुभकामनाएं देता हूं।”

भारत के लिए गौरव का क्षण-उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा, “41 साल बाद तिरंगा अंतरिक्ष में लौट रहा है। एक्सिओम मिशन 4 के मिशन पायलट विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना होने पर हार्दिक बधाई।” शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपकी (शुक्ला की) यात्रा सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धित नहीं है – यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। आपको सुरक्षित, सफल मिशन और शानदार वापसी की शुभकामनाएं। जय हिंद!”

“ऐतिहासिक मील का पत्थर-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शुक्ला को बधाई देते हुए इसे “ऐतिहासिक मील का पत्थर” बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “ 41 वर्षों के बाद, आप राकेश शर्मा की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं, तथा अंतरिक्ष में भारत के भविष्य के लिए नए सपने बुन रहे हैं। यह ऐतिहासिक भागीदारी वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग में भारत के बढ़ते कद को दर्शाती है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा नवाचार के प्रति हमारी निरंतर खोज से प्रेरित है।

Leave a Reply