भोपाल| नाबालिग बेटे से वोट डलवाने वाले भोपाल जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, बूथ के पीठासीन अधिकारी संदीप सैनी, उनके सहायक सीआर बाथम, मनोज कुमार मौर्य और मदन गोपाल पटेल को सस्पेंड कर दिया गया है। बूथ पर तैनात प्रधान आरक्षक संतोष को लाइन अटैच किया गया है। भोपाल संसदीय सीट पर वोटिंग के दिन 7 मई को बैरसिया तहसील के मतदान केंद्र क्रमांक 71 खितवास पर मेहर ने नाबालिग बेटे से वोट डलवाया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वायरल होने के बाद इसे डिलीट भी कर दिया। हालांकि, कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपक लिया। कांग्रेस नेता पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट की। इसमें लिखा- भाजपा ने चुनाव आयोग को बच्चों का खिलवाड़ बना दिया है। भोपाल में भाजपा के जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने नाबालिग बेटे से डलवाया वोट। वोट डालते वक्त का विनय मेहर ने वीडियो भी बनाया। वीडियो फेसबुक पर विनय मेहर ने किया पोस्ट। कोई कार्रवाई होगी? इस ट्वीट के सामने आने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने आज दोपहर 12.15 बजे बैरसिया एसडीएम आशुतोष गोस्वामी को जांच सौंपी थी। करीब तीन घंटे में ही जांच पूरी कर मेहर पर बैरसिया थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई।
बोले- बेटा जिद कर रहा था इसलिए मतदान केंद्र ले गया
इस मामले में मेहर ने एजेंसी को बताया कि बेटा जिद कर रहा था, इसलिए उसे मतदान केंद्र तक ले गया था। गलती से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मेरा कोई गलत उद्देश्य नहीं था।


