भोपाल: बेंगलुरु से विपक्षी एकता की बैठक से नई दिल्ली से लौट रहे सोनिया गांधी और राहुल गांधी की फ्लाइट की भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहुल गांधी के निजी स्टाफ ने इसकी पुष्टि की है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स बता रहे हैं कि खराब मौसम की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग हुई। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में विमान में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। इमरजेंसी लैंडिंग की बात सामने आते ही एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई।
एयरपोर्ट के अधिकारी और फ्लाइट के क्रू मेंबर जांच में जुटे हैं। भोपाल पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार खराब मौसम के कारण सोनिया-राहुल के फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। अभी सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित अन्य नेता भोपाल एयरपोर्ट के वीआईपी लॉज में इंतजार कर रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया विधायक आरिफ मसूद, पीसी शर्मा एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। राहुल-सोनिया भोपाल एयरपोर्ट के वीआईपी लॉज में हैं। कांग्रेस नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक अब राहुल-सोनिया रात 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे। सूचना मिलते ही भोपाल के और भी कांग्रेस नेता एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं।


