बिहार में कब बनेगी नयी सरकार, चिराग पासवान ने किया साफ संकेत 

देश/प्रदेश बिहार राष्ट्रीय

एजेंसी, बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत के बाद अब सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों का दौर तेज़ हो गया है। एनडीए ने 243 में से 202 सीटों पर सफलता दर्ज की है। अब सबकी नजर इस बात पर टिक गई है कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर लड़ा गया था। जेडीयू का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश ही होंगे, जबकि भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि यह निर्णय विधायकों द्वारा तय किया जाएगा। इसी मुद्दे पर रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने भी स्पष्ट किया है कि बिहार में नयी सरकार कब तक बनेगी।

कौन बनेगा मुख्यमंत्री 
‘बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा’ इस प्रश्न पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली प्रचंड विजय पर हमने जनता का धन्यवाद किया है। नयी सरकार बनाने की प्रक्रियाएँ जल्द पूर्ण होंगी और दो से चार दिन में स्थिति साफ हो जाएगी। हमने बार-बार कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे, हैं और रहेंगे।

नीतीश कुमार से मुलाकात हुई 
सूत्रों के अनुसार नयी सरकार के गठन को लेकर एनडीए नेताओं की बातचीत लगातार जारी है। पटना में सीएम नीतीश कुमार से उपेंद्र कुशवाहा मिले। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे। उनके अनुसार नीतीश पूरी तरह स्वस्थ हैं और सभी मामलों को स्वयं देख रहे हैं।

रोहिणी आचार्या प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया 
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या के राजनीति छोड़ने तथा परिवार से दूरी बनाने के मुद्दे पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह उनका निजी पारिवारिक विषय है। ऐसे मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं। किसी भी परिवार में ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए, परन्तु यह उनका अंदरूनी मामला है।

सरकार गठन की रफ़्तार बढ़ी
चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश में नयी सरकार बनाने की कवायद तेज़ हो गई है। शनिवार को एनडीए गठबंधन के प्रमुख नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुँचे थे। इस प्रतिनिधिमंडल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान भी शामिल थे।

शपथ ग्रहण पर चिराग पासवान का बयान 
नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “यह जल्द ही सम्पन्न होगा। चर्चाएँ जारी हैं। सरकार के स्वरूप पर स्पष्टता आ जाएगी। मुझे लगता है कि आज रात तक मैं वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से बात करूँगा और आज या कल तक प्रारूप तैयार हो जाएगा। हमें बाईस नवम्बर से पहले सरकार बनानी है। यह निश्चित रूप से हो जाएगा।”

Leave a Reply