अररिया। बिहार के अररिया के ताराबाड़ी थाने में पुलिस हिरासत में जीजा-साली के फांसी लगाकर सुसाइड कर लेने के बाद गांव वालों में आक्रोश का माहौल है। इतना ही नहीं गुस्साए गांववालों ने पुलिस थाने में आग लगा दी। जिसके बाद पुलिस के लिए स्थिति को नियंत्रित कर पाना काफी मुश्किल हो गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह समेत कई थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया। जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात नाबालिग और उसके प्रेमी जीजा ने पुलिस हिरासत में खुदकुशी कर ली थी। वहीं गांव के लोग पुलिस की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार मानते हुए आक्रोश में हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं।
आक्रोशित लोगों का मानना है कि पुलिस द्वारा की गई पिटाई के कारण दोनों की मौत हुई है। जानकारी मुताबिक 2 दिन पहले ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के एक शख्स की नाबालिग बेटी से उसके जीजा ने शादी कर ली थी और वो उसे पत्नी की तरह घर में रख रहा था। इसके बाद गुरुवार दोपहर को नाबालिग और उसके प्रेमी जीजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और थाना ले गई थी. बता दें कि नाबालिग के प्रेमी की पहली शादी उसकी बड़ी बहन से डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। थाना लाने के बाद दोनों जीजा साली ने खुदकुशी कर ली, जिसकी जानकारी जब ग्रामीणों को मिली तो वह थाने में आकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।


