बिपरजॉय चक्रवात का असर MP में दिखने लगा, रतलाम में हुई बारिश, भोपाल समेत 18 जिलों में हो सकती है तेज बारिश

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

भोपाल| बिपरजॉय तूफान का असर मध्य प्रदेश में दिखने लगा है। शनिवार को रतलाम में हल्की बारिश हुई। कई अन्य शहरों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार रात में भोपाल, उज्जैन, मंदसौर समेत 18 जिलों में बिजली चमकने के साथ आंधी चलने की आशंका जताई है।

मौसम विभाग ने बताया कि तूफान जैसे-जैसे आगे बढ़ेगा, इसकी तीव्रता में कमी आएगी। लो प्रेशर एरिया के चलते 18 और 19 जून को पश्चिमी इलाकों के मौसम में बदलाव होगा। ग्वालियर और चंबल संभाग में तेज और हल्की बारिश होने की संभावना है। यहां के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 22-23 जून को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। इसी बीच मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी इलाकों में भी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, रीवा-सतना में 20-21 जून को बारिश होगी।

बिपरजॉय चक्रवात की वजह से शुक्रवार को सीहोर में 44 किमी, शिवपुरी में 42 किमी, सागर में 40 किमी, नीमच और गुना में 39 किमी, मंडला में 38 किमी, बालाघाट में 36 किमी, बड़वानी में 34 किमी और सिवनी में 33 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। राज्‍य की राजधानी भोपाल में 20 जून तक मौसम बदला हुआ रहेगा। 18, 19 और 20 जून को कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। दिन और रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने का अनुमान है।

Leave a Reply