एजेंसी, बाराबंकी। कयामत की रात कभी नहीं आएगी, इसलिए बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कभी संभव नहीं है। जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वे ऐसे ही सड़-गल जाएंगे। ऐसे लोगों से कहना चाहेंगे कि कयामत के दिन के लिए मत जियो।
हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो, क्योंकि कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे। जो कानून तोड़ेगा, वो सीधे जहन्नुम में जाएगा। यह बात सीएम योगी ने मंगलवार को बाराबंकी में कही। उन्होंने कहा- ये डबल इंजन की सरकार है। हम लोगों ने कहा था ना, रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। बन गया न मंदिर। कोई संदेह है। राम को भूल जाते हैं, इसलिए भगवान राम भी उनको भूल चुके हैं। अब उनकी नैया कभी पार नहीं होगी। उन्हें कभी आगे नहीं बढ़ना। रामद्रोहियों के लिए अब कोई जगह नहीं। जो रामभक्तों पर गोली चला रहे थे, अब इन लोगों के लिए कोई जगह नहीं। राम सबके हैं, इसमें भेद नहीं। कुछ अवसरवादी राम को भूल जाते हैं।
2017 से पहले कोई सुरक्षित नहीं था
योगी बाराबंकी में श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यज्ञ मंडप में आहुति दी। इस दौरान संत बलराम दास ने मखाने और लावा की माला पहनाकर योगी का स्वागत किया। इसके बाद योगी ने कहा- हम सब भारतीय एक भारत श्रेष्ठ भारत का निर्माण करें। 2017 से पहले कोई सुरक्षित नहीं था। पहले गरीबों की जमीन पर कब्जा हो जाता था। सरकार बदलते ही सारी अराजकता गायब हो गई। हमारी सरकार में सब सुरक्षित हैं।
खबर में पोल है, आगे बढ़ने से पहले हिस्सा ले सकते हैं
योगी ने कहा- बेटी सुरक्षित होगी, तो समाज अपने आप सुरक्षा का एहसास करेगा। व्यापारी सुरक्षित होगा, तो तरक्की होगी। पहले वेतन देने का पैसा नहीं होता था। आज सभी को वेतन समय पर मिल रहा। सरकार करोड़ों लोगों को पेंशन दे रही है। आज प्रदेश तरक्की कर रहा है। कहा- सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जो कानून अपने हाथ में लेगा, तो कानून उसे ऐसा सबक सिखाएगा कि पीढ़ियां याद रखेंगी।
मोदीजी आए तो गरीबों को घर मिले
योगी ने कहा- पहले गरीबों के घर नहीं बन पाए। मोदीजी आए, तो यूपी के 60 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिले। पहले गांवों में बिजली नहीं थी, सड़कों पर गंदगी थी। अब घर-घर शौचालय बन गए। साफ पानी मुहैया कराया जा रहा है। पहले बिजली नहीं मिलती थी। कुछ चुनिंदा जिलों को ही बिजली मिलती थी। अब सभी 75 जिलों को बिजली मिल रही। पहले की सरकारों में शौचालय नहीं थे। लोगों को मुंह बंद करके खेतों में जाना पड़ता था। आज हर घर में शौचालय है। अब बहन-बेटियों को बाहर नहीं पड़ता। बेटियों के जन्म से लेकर शादी का खर्च भी सरकार कर रही है। ये समाज की जिम्मेदारी है।
500 साल में मंदिर नहीं बना
सीएम ने कहा- 500 साल में कई राजा-महाराजा आए। 1947 में देश आजाद हुआ। सरकारें बनती रहीं। लेकिन, किसी मन में ये बात नहीं आई कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बने। मंदिर भाजपा की सरकार में बना। आज वहां लाखों भक्त दर्शन करने जा रहे।
ये भी पढ़े : सुप्रीम कोर्ट का डिजिटल फ्रॉड पर बड़ा आदेश : केंद्र से आरबीआई–बैंकों संग नीति बनाने के दिए निर्देश
हमने केडी सिंह बाबू की हवेली बिकने नहीं दी
योगी ने कहा- बाराबंकी भगवान विष्णु के वराह अवतार की भूमि है। यहीं लोधेश्वर महादेव का पवित्र धाम है। इसी धरती पर हॉकी के महान खिलाड़ी और पद्म सम्मान से सम्मानित बाबू केडी सिंह का जन्म हुआ था। उनकी हवेली बिकने वाली थी। लेकिन, सरकार ने उसे बिकने नहीं दिया। अपने खर्चे से वहां भविष्य स्मारक बनवाया जा रहा है। जिससे जनपद का नौजवान उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सके। योगी ने कहा- बाराबंकी के प्रगतिशील किसानों ने आधुनिक खेती के जरिए जिले को नई पहचान दी है। यहां के किसान रामसरन वर्मा को पीएम नरेंद्र मोदी ने पद्म सम्मान से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी काशी विश्वनाथ की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा।
ये सरकार गिरने वाली नहीं
विपक्ष पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा- यह रुकने और गिरने वाली सरकार नहीं है। 2017 से पहले यूपी की स्थिति बेहद खराब थी। हर चौथे दिन शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ता था। त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। गरीबों की जमीनों पर कब्जा होता था, अराजकता चरम पर थी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश से अराजकता समाप्त हो चुकी है। विकास की नई गति दिखाई दे रही। माघ मेले में अब तक 21 करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। किसान आज सुरक्षित माहौल में खेती कर रहा है। उसकी फसल सोना उगल रही है।
बाराबंकी से गुजरेगा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग
योगी ने कहा- 84 कोसी परिक्रमा मार्ग बाराबंकी से होकर गुजरेगा, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी। बाराबंकी को एससीआर में शामिल किया गया है। इससे यहां के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। राज्यमंत्री सतीश शर्मा और प्रभारी मंत्री सुरेश राही के प्रस्ताव पर रामसनेहीघाट में भव्य औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बाराबंकी और अयोध्या सहित गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती और बहराइच से आए संत-महंत, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी हुआ, जिन्हें मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद दिया।


