एजेंसी, बड़वानी। बड़वानी सड़क हादसा : बड़वानी जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने शादी वाले घर के उत्साह को गहरे शोक में बदल दिया। खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार टैंकर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक टक्कर में कार सवार पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
डीजल लेकर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जलगांव से आई एक बारात राजपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रही थी। रास्ते में बारातियों की गाड़ी का डीजल समाप्त हो गया था, जिसके बाद कुछ युवक जुलवानिया से डीजल लेकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह से पिचक गई और मलबे में तब्दील हो गई। तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
आरोपी टैंकर चालक की तलाश शुरू
घटना को अंजाम देने के बाद टैंकर चालक मौके से वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
हताहत हुए लोगों की पहचान
इस दुखद हादसे में जान गंवाने वालों में सचिन वास्कले (25 वर्ष), प्रदुम्य (25 वर्ष), पप्पू (29 वर्ष), आकाश (25 वर्ष) और यशवंत शामिल हैं। घायलों में सुरेश और सोहन का उपचार चल रहा है। जैसे ही इस हादसे की खबर राजपुर पहुंची, वहां शादी की रस्में रुक गईं और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


