एजेंसी, दिल्ली। तुर्कमान गेट इलाके में रामलीला मैदान के पास स्थित सदियों पुरानी फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई 6 जनवरी को आधी रात पूरी की गई। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की टीम ने दर्जनों बुलडोजरों की मदद से इन अनधिकृत संरचनाओं को गिराया, जिनमें बारात घर, डिस्पेंसरी और कुछ दुकानें शामिल थीं।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए और घटना के तुरंत बाद स्थिति सामान्य हो गई। अभियान के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर पथराव किया जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बाद में कहा कि संयमित बल प्रयोग से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। पुलिस उपायुक्त (मध्य) निधिन वलसन ने कहा कि एमसीडी का छह और सात जनवरी की दरमियानी रात को अतिक्रमण अभियान संचालित करने का कार्यक्रम था, जिसके मद्देनजर पुलिस कर्मियों को उन स्थानों पर तैनात किया गया था लेकिन एमसीडी का साजो सामान पहुंचने से पहले ही वहां लगभग 100-150 लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने बताया कि समझाने-बुझाने के बाद अधिकतर लोग वहां से हट गए लेकिन कुछ लोगों ने हंगामा करने की कोशिश की और पथराव किया जिसमें पांच पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं और उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई। डीसीपी ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा रिपोर्ट और बयानों के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि फैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास स्थित एक ‘बैंक्वेट हॉल’ और एक औषधालय को अभियान के दौरान ध्वस्त किया जा रहा था। इन्हें अदालत ने अतिक्रमण घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि यह जमीन एमसीडी की है और उसने प्रस्तावित विध्वंस के बारे में पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल की तैनाती की मांग की थी। डीसीपी ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय निवासियों से संपर्क किया और उन्हें बताया कि यह तोड़फोड़ कानूनी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इलाके के लोगों को विश्वास में लिया और उसे लोगों का सहयोग भी मिला। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम पहले से ही किए गए थे और वरिष्ठ अधिकारियों को कई क्षेत्रों में तैनात किया गया था। स्थानीय शांति समितियों के सदस्यों के साथ समन्वय बैठकें भी की गईं।
पत्थरबाजों के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई, हिंसा करने वाले पांच हिरासत में… अन्य की तलाश जारी
दिल्ली के रामलीला मैदान इलाके में सैयद फैज इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा के संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके पांच लोगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अदालत के आदेशानुसार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), मस्जिद और पास के कब्रिस्तान से सटी जमीन पर अतिक्रमण रोधी अभियान संचालित कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और कांच की बोतलें फेंकीं, जिससे कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को पूछताछ के लिए और सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हिंसा अचानक हुई थी या यह विध्वंस अभियान को बाधित करने का पूर्व नियोजित प्रयास था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके अलावा गवाहों और हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221 (लोक सेवक को लोक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना), 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 121 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 191 (दंगा), 223 (ए) (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से जारी आदेश की अवज्ञा) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) तथा लोक संपत्ति को क्षति पहुंचाने से रोकने वाले अधिनियम, 1984 के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस बीच, एमसीडी के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विध्वंस अभियान के दौरान सैयद फैज इलाही मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। नगर निगम ने कहा कि यह अभियान दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया था। इस अभियान के तहत अतिक्रमण और फिर मलबे को हटाने के लिए लगभग 30 बुलडोजर और 50 डंपर तैनात किए गए थे। एमसीडी के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान रात भर जारी रहा और इसमें 300 से अधिक एमसीडी कर्मचारी और अधिकारी शामिल थे। अतिक्रमण रोधी अभियान के परिणामस्वरूप एक बड़े क्षेत्र को खाली कराया गया, इन स्थानों में ऐसी संरचनाएं बनी थी जिन्हें अदालत ने अवैध घोषित किया था। पुलिस ने कहा कि इलाके में कानून-व्यवस्था बरकरार है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हालात नियंत्रण में हैं और सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।” हिंसा में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े : चीन भारत की जमीन पर बना रहा बंकर: सैटेलाइट तस्वीरों से हुआ ड्रैगन के ‘डबल गेम’ का पर्दाफाश


