तेल अवीव| इजराइल ने हमास के लड़ाकों की ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली पोस्ट को तबाह कर दिया। इजराइली सेना की कार्रवाई के बीच मरीजों और स्टाफ ने गाजा के अल-शिफा अस्पताल को खाली करना शुरू कर दिया है। कतरी मीडिया हाउस अलजजीरा के मुताबिक मरीज और स्टाफ पैदल ही सफेद झंडे लेकर उत्तरी गाजा छोड़कर निकल रहे हैं। इसी बीच एक फिलिस्तीनी महिला अबु शनाब ने अलजजीरा को बताया कि अस्पताल छोड़ रही महिलाओं की कपड़े उतरवाकर तलाशी ली जा रही है। शनाब के मुताबिक इजराइली सेना ने कई लोगों को बंधक भी बनाया है। उन्हें न तो पानी दिया जा रहा है और न ही खाना। इससे पहले अल-शिफा के डॉक्टर ने दावा किया था कि इजराइली सेना ने अल-शिफा अस्पताल खाली करने के लिए 1 घंटे का समय दिया है। IDF ने इन दावों को खारिज कर दिया है। दूसरी तरफ, अस्पताल में 4 प्रीमैच्योर नवजातों के साथ ही करीब 40 मरीजों की भी मौत हो गई है। अलजजीरा के मुताबिक, गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि वो अस्पताल के ICU में मौजूद सभी मरीजों को खो चुके हैं। अस्पताल में सुविधाओं और खासकर फ्यूल की कमी की वजह से मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है।
गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री ने दावा किया है इजराइली सेना ने एक उत्तरी गाजा में अल-फखूरा नाम के एक स्कूल पर अटैक किया है इसमें 50 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले इजराइली सेना ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस इलाके पर स्ट्राइक की थी। इसमें दर्जनों लोग मारे गए थे। दूसरी तरफ इजराइल में हमास की कैद में बंधकों को छुड़ाने के लिए रैली हो रही है। इसमें विपक्ष के नेता याइर लैपिड भी शामिल हुए हैं। इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने बताया कि वो हमास के खात्मे के लिए किसी भी हद तक जाएगी। IDF के प्रवक्ता ने कहा- हमास जहां भी मिलेगा, हम वहां जाकर उसे मिटाएंगे, फिर चाहे वो गाजा पट्टी का दक्षिणी हिस्सा ही क्यों न हो। इससे पहले गुरुवार को साउथ गाजा के खान यूनिस में सेना ने पर्चे गिराकर लोगों को शहर खाली करने को कहा था।
UN बोला- हमने चांद नहीं मांगा, नागरिकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाना जरूरी
वहीं UN के मानवीय मामलों के चीफ मार्टिन ग्रिफिथ ने कहा- हमारी मांग बहुत ही सरल है। जंग को रोक दें ताकि आम नागरिक सुरक्षित जगहों पर जा सकें। आप चाहें इसे जो समझें, लेकिन ये सिर्फ मानवीय कारणों से कहा जा रहा है। हम चांद नहीं मांग रहे हैं। हम सिर्फ कुछ बुनियादी बदलावों की मांग कर रहे हैं, जिससे नागरिकों की जान बचाई जा सके। इससे पहले शुक्रवार रात इजराइली कैबिनेट ने अहम फैसला किया। इसके तहत गाजा में हर दिन 2 फ्यूल टैंकर भेजे जाएंगे। इजराइल की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के चेयरमैन जाची हांगेबी ने कहा- अमेरिका ने फ्यूल को लेकर यह अपील की थी। इसका इस्तेमाल UN के कामों, पानी और सीवेज सिस्टम को बनाए रखने के लिए किया जाएगा। दूसरी तरफ, अमेरिकी मीडिया न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया है कि इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने कुछ पत्रकारों को गाजा के अस्पतालों का दौरा कराया है। हालांकि IDF ने उनसे कहा कि कई जगह फायरिंग हो रही है, लिहाजा वो हर हिस्से में नहीं जा सकते।


