कोलकाता : पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई पंचायत चुनाव है। इससे पहले राज्य में हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। 24 परगना में टीएमसी कैंडिडेट के पिता की हत्या हो गई है। वहीं, 24 परगना में ही क्रूड बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुरुलिया में भाजपा नेता का शव मिला है। मुर्शिदाबाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली मारी गई। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने के बाद से अब तक हिंसक घटनाओं में 10 लोग मारे गए हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में चार हिंसक घटनाएं हुई हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 परगना में कथलबेरिया ग्राम पंचायत में टीएमसी उम्मीदवार मनवारा के पिता जियारुल मोल्ला (52 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की फुलमलंचा इलाके की है। वह टीएमसी कार्यकर्ता भी थे।
बेटी मनवारा ने बताया कि विरोधी दलों से हमें लगातार धमकियां मिल रहीं थीं। इसके बारे में पुलिस से शिकायत की थी। नॉर्थ 24 परगना जिले के हरोआ इलाके में रविवार रात क्रूड बम बनाने के दौरान विस्फोट हो गया। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। रविवार रात मुर्शिदाबाद जिले के समसेरगंज में कांग्रेस कार्यकर्ता आरिफ शेख को किसी ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समसेरगंज में सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता बी शेख ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे तृणमूल का हाथ है। तृणमूल ने इससे इनकार किया है। सोमवार को पुरुलिया जिले के बोडो इलाके से बंकिम हांसदा नाम के भाजपा नेता का शव मिला है।


