प. बंगाल में बीच सड़क पर महिला को पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

रायगंज। पश्चिम बंगाल पुलिस ने अवैध संबंध के आरोप में एक जोड़े के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आने पर रविवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो में जो व्यक्ति दोनों को डंडे से पीटते हुए दिख रहा है, वह कथित तौर पर उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का एक स्थानीय टीएमसी नेता है, जहां अवैध अदालत (कंगारू कोर्ट) के फैसले के बाद यह घटना हुई थी। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस घटना के लिए ममता बनर्जी सरकार की आलोचना की है, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। इस्लामपुर के पुलिस अधीक्षक जॉबी थॉमस के. ने कहा कि पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप देखी है और सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

उन्होंने कहा,‘‘ हमने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापे मारे हैं और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।’’ वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति महिला को पीटता हुआ दिखाई रहा है और महिला दर्द से कराह रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोग तमाशा देख रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने व्यक्ति को डंडे से भी पीटा। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के शासन का घिनौना चेहरा है। वीडियो में जो व्यक्ति एक महिला को बेरहमी से पीट रहा है… वह अपनी ‘इंसाफ’ सभा के माध्यम से त्वरित न्याय देने के लिए प्रसिद्ध है और चोपड़ा से विधायक हमीदुर रहमान का करीबी सहयोगी है।’’

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के हर गांव में एक संदेशखालि है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ‘‘महिलाओं के लिए अभिशाप’’ हैं। मालवीय ने पोस्ट में कहा, ‘‘बंगाल में कानून-व्यवस्था का नामोनिशान नहीं है। क्या ममता बनर्जी इस राक्षस के खिलाफ कार्रवाई करेंगी या उसका बचाव करेंगी, जैसे उन्होंने शेख शाहजहां के लिए किया था?’’ माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में आम लोगों और तृणमूल के राजनीतिक विरोधियों पर हमले जारी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ किसी महिला को इस तरह से कैसे पीटा जा सकता है? किसी भी महिला पर हमला बर्बर और निंदनीय है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हिंसा की ऐसी घटनाएं पश्चिम बंगाल का नाम खराब कर रही हैं।’’ तृणमूल के स्थानीय विधायक हमीदुर रहमान ने आरोपियों के साथ किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया और खुद को घटना से अलग कर लिया। उन्होंने कहा कि यह गांव का मामला है और पार्टी से इसका कोई संबंध नहीं है। वहीं, तृणमूल के जिला अध्यक्ष कन्यालाल अग्रवाल ने इस घटना के लिए जोड़े के कथित अवैध संबंध को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह ‘‘गांव वालों को पसंद नहीं आया’’। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले की जांच करेगी। तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता शांतनु सेन ने घटना की निंदा की,साथ ही कहा कि वाम मोर्चा शासन के दौरान भी इस तरह की अवैध अदालतें आम थीं।

महिला की पिटाई के बाद नड्डा ने ममता बनर्जी को लिया आड़े हाथ, बोले- महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं बंगाल

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में एक जोड़े की बेरहमी से पिटाई के मामले में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया और आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए यह प्रदेश सुरक्षित नहीं है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल से एक भयानक वीडियो सामने आया है, जो उन क्रूरताओं की याद दिलाता है जो केवल धर्मतंत्रों में मौजूद हैं। हद तो तब हो गई जब तृणमूल के कार्यकर्ता और विधायक इस घटना को न्यायोचित ठहरा रहे हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘संदेशखलि हो, उत्तर दिनाजपुर हो या कई अन्य स्थान, दीदी का पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए असुरक्षित है।’’ पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस घटना को लेकर रविवार को एक मामला दर्ज किया। वीडियो में जो व्यक्ति दोनों लोगों को डंडे से पीटते हुए दिख रहा है, वह कथित तौर पर उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का एक स्थानीय तृणमूल नेता है, जहां अवैध अदालत (कंगारू कोर्ट) के फैसले के बाद यह घटना हुई थी। आरोपी ताजमुल उर्फ ​​जेसीबी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply