प्रमं मोदी कल बालाघाट में जनसभा को करेंगे संबोधित

प्रादेशिक बालाघाट मध्‍य प्रदेश

भोपाल। महाकोशल के नक्सल प्रभावित संसदीय क्षेत्र बालाघाट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने बालाघाट संसदीय सीट से वर्तमान सांसद ढाल सिंह बिसेन का टिकट काट कर बालाघाट नगर पालिका की महिला पार्षद भारती पारधी को प्रत्याशी बनाया है। लोकसभा चुनाव में पहली बार प्रत्याशी बनाई गई भारती पारधी के समर्थन में मोदी जनता से संवाद करेंगे। मोदी के बालाघाट आगमन से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आचार संहिता लागू होने के बाद पहले जबलपुर और अब मंगलवार को मोदी का बालाघाट में दूसरा दौरा होगा। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2.30 बजे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा का वरिष्ठ नेतृत्व आज प्रदेश में करेगा चुनावी जनसभाएं
लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव मैहर में मां शारदा माता मंदिर पहुंचकर दर्शन, पूजन करेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। बालाघाट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बालाघाट में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय बालाघाट प्रवास पर रहेंगे। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सिंगरौली में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर के इंद्रा पार्क में व्यापारी सम्मेलन, पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करने के बाद अग्रवाल पैलेस में लोकसभा कोर ग्रुप की बैठक को संबोधित करेंगे। पूर्व मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर के निवाड़ी चुनाव कार्यालय में आयोजित विधानसभा स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पृथ्वीपुर के साहू मैरिज गार्डन में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे।

Leave a Reply