प्रधानमंत्री से मिली वर्ल्ड चैंपियन भारतीय महिला टीम, पीएम मोदी ने अमनजोत के कैच पर की चर्चा

क्रिकेट खेल देश/प्रदेश

एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब दो घंटे चली। पीएम मोदी ने इस दौरान चैंपियन बेटियों को विश्व विजेता बनने के लिए बधाई दी। भारतीय टीम ने इस दौरान पीएम मोदी को उनके नाम की जर्सी भेट की। इस जर्सी पर सभी खिलाड़ियों के साइन थे। पीएम मोदी ने इस दौरान हरमनप्रीत कौर और अमनजोत के कैच की चर्चा की। साथ ही उन्होंने दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान टैटू को लेकर सवाल पूछा। क्रांति गौड़ ने इस दौरान पीएम को बताया कि उनका भाई पीएम के फैन है, जिस पर पीएम मोदी ने उन्हें मिलने के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने चैंपियन बेटियों को एक टास्क भी दिया।

देखें मुलाकात की तस्वीरें
पीएम ने चैंपियन खिलाड़ियों से देशभर में खासकर लड़कियों के लिए फिट इंडिया के संदेश को आगे बढ़ाने को कहा।  उन्होंने मोटापे की बढ़ती समस्या पर चर्चा की और फिट रहने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उनसे अपने स्कूलों में जाने और वहां युवा दिमागों को प्रेरित करने के लिए भी कहा। बता दें, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने रविवार को नवी मुंबई में महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व कप जीता। टीम इंडिया मंगलवार को दिल्ली पहुंची और ताज पैलेस होटल में रूकी है। खिलाड़ियों के होटल पहुंचने पर खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गई। जेमिमा रौड्रिग्स, राधा यादव और स्नेह राणा होटल के भीतर ढोल की थाप पर थिरकती दिखीं। इससे पहले मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ टीम के सदस्यों का मुंबई हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विश्व कप में ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद यहां पहुंची भारतीय टीम की सुरक्षा के चाक चौबंद उपाय किये गए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद टीम होटल रवाना हो गई। प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के बाद खिलाड़ी अपने अपने शहर चले जायेंगे। शेफाली वर्मा लौटेंगी, जिन्हें नगालैंड में अंतर जोन टी20 टूर्नामेंट में उत्तरी क्षेत्र की टीम की कमान संभालनी है। प्रधानमंत्री मोदी विश्व कप विजेता भारतीय टीम को सम्मानित करेंगे। यह समारोह उनके आधिकारिक निवास पर आयोजित किया जायेगा।

Leave a Reply