मलेशिया में भारतीय समुदाय को प्रधानमंत्री मोदी ने किया संबोधित, कहा- भारत विकास का भरोसेमंद साझेदार

मलेशिया में भारतीय समुदाय को प्रधानमंत्री मोदी ने किया संबोधित, कहा- भारत विकास का भरोसेमंद साझेदार

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली मलेशिया राष्ट्रीय

एजेंसी, कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत को ”विकास के लिए एक भरोसेमंद साझेदार” के रूप में देखा जाता है और यह बात ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ समेत विभिन्न देशों के साथ हाल में हुए व्यापार समझौतों में परिलक्षित होती है। मोदी ने यहां भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय प्रवासी भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं। विभिन्न देशों के साथ भारत द्वारा किए गए व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को ”विकास के लिए एक भरोसेमंद भागीदार” के रूप में देखा जाता है।

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, ओमान, यूरोपीय संघ और अमेरिका के भारत के साथ व्यापारिक समझौते हुए हैं और विश्वास भारत की सबसे मजबूत मुद्रा बन गया है। मोदी ने कहा, ”हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं, इसका कारण हमारी भाषाओं और मलय भाषा में बड़ी संख्या में मौजूद समान शब्द ही होंगे।” उन्होंने कहा, ”कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासियों के स्नेह के लिए मैं आभारी हूं। हमारा प्रवासी समुदाय भारत और मलेशिया के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता आ रहा है।” मोदी ने कहा कि उन्हें मलेशिया में आकर बहुत खुशी हो रही है, जो 2026 में उनकी पहली विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा, ”मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले से ही दोस्त हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि मलेशिया में रहने वाले तमिल प्रवासी विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”दरअसल, तमिल प्रवासी यहां कई सदियों से रह रहे हैं।

इस इतिहास से प्रेरित होकर, हमें मलय विश्वविद्यालय में ‘तिरुवल्लुवर चेयर’ की स्थापना करने पर गर्व है। अब हम अपनी साझा विरासत को और मजबूत करने के लिए एक तिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करेंगे।” मोदी ने कहा कि विश्व में भारतीय मूल के लोगों का दूसरा सबसे बड़ा समुदाय मलेशिया में है और भारतीय और मलेशियाई लोगों के दिलों को जोड़ने वाली कई बातें हैं। उन्होंने कहा, ”मैंने हाल में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान 1.4 अरब भारतीयों के साथ साझा किया था कि मलेशिया में 500 से अधिक स्कूल बच्चों को भारतीय भाषाओं में पढ़ाते हैं।” उन्होंने कहा कि ”भारत की सफलता मलेशिया की सफलता है और यह एशिया की सफलता है”। मोदी ने कहा, ”इसीलिए मैं कहता हूं कि हमारे संबंधों का मार्गदर्शक शब्द ‘इम्पैक्ट’ है। ‘इम्पैक्ट’ का अर्थ है सामूहिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने के लिए भारत-मलेशिया साझेदारी।” मोदी ने भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों से भारत की यात्रा करने और भारत का अनुभव करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ”आपको अपने मलय मित्रों को भी साथ लाना होगा। क्योंकि लोगों के बीच संपर्क ही हमारी मित्रता की आधारशिला है।”

ये भी पढ़े : भारत अंडर 19 ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठा अंडर 19 वर्ल्ड कप खिताब जीता

इससे पहले मोदी और अनवर इब्राहिम का कार्यक्रम में जबरदस्त स्वागत किया गया। कार्यक्रम में 800 से अधिक प्रतिभागियों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन नर्तकों ने भरतनाट्यम, कथक, कथकली, कुचिपुड़ी, लावणी और ओडिसी समेत भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया। मोदी और इब्राहिम एक ही कार में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मोदी ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी, मोदी’ के नारों के बीच मंच पर पहुंचे। यह घोषणा की गई कि भारतीय नृत्य प्रदर्शन में सबसे अधिक कलाकारों के भाग लेने के लिए इस नृत्य प्रदर्शन ने मलेशियाई रिकॉर्ड पुस्तिका में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इब्राहिम ने इस मौके पर कहा, ”भारत से एक अच्छे मित्र के मलेशिया में हमारे साथ शामिल होने से मैं व्यक्तिगत रूप से उत्साहित हूं।” उन्होंने दोनों देशों के बीच प्राचीन संबंधों को याद किया। इब्राहिम ने कहा, ”भारत, मलेशिया के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है। हमारे बीच न केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान होता है, बल्कि 2025 में 15 लाख से अधिक भारतीय पर्यटक मलेशिया आए थे।” उन्होंने कहा, ”मुझे मोदी जी और भारत का मित्र होने पर गर्व है।” मोदी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे, जहां उनकी अगवानी इब्राहिम ने की।

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में सजा कुआलालंपुर एयरपोर्ट, अनवर इब्राहिम ने किया भव्य स्वागत 

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में सजा कुआलालंपुर एयरपोर्ट, अनवर इब्राहिम ने किया भव्य स्वागत 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन की यात्रा पर अब से कुछ देर पहले शनिवार को यहां पहुंचे। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हवाई अड्डे पर गले लगाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे पर उतरने के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कुआलालंपुर पहुंचा। हवाई अड्डे पर मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा किये गये गर्मजोशी भरे स्वागत से अत्यंत भावुक हूँ। हमारी बातचीत और भारत-मलेशिया के बीच मित्रता के संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतीक्षा है।” उन्होंने कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा सहयोग को नए क्षेत्रों में फैलाना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बुलावे पर वहां की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं।

इन मुद्दों पर करेगें व्यापक चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक वार्ता करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर पहुंचने की उम्मीद है। मलेशिया रवाना होने से पहले मोदी ने कहा था कि भारत मलेशिया के साथ रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक और नवोन्मेष के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा था, ”भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं।” उन्होंने कहा था, ” हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।” भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply