एजेंसी, कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिली है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि इस मुद्दे पर कोई दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत और मलेशिया मिलकर आतंकवाद से लड़ाई में मजबूती से कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होंगे। हम खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और रक्षा सहयोग को और गहरा करने पर सहमत हुए हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए दोनों देशों को एकजुट होकर काम करना होगा।
आतंकवाद पर साफ संदेश
पीएम मोदी के इस बयान को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों के लिए एक सीधा संकेत है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पाकिस्तान को लेकर भारत का सख्त रुख दर्शाता है, जहां आतंकवाद पर दोहरे मापदंड अपनाने की पुरानी आदत रही है।
सुरक्षा से लेकर तकनीक तक कई क्षेत्रों में नई साझेदारी
– रक्षा और सुरक्षा : आतंकवाद विरोधी सहयोग, खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान, समुद्री सुरक्षा और रक्षा साझेदारी को बढ़ावा
– तकनीक और नवाचार : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में संयुक्त प्रयास
– स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा : इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना
– आर्थिक संबंध : सीईओ फोरम के जरिए व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुले, दोनों देशों की कंपनियों को निवेश और कारोबार के बड़े अवसर
प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसे पर विशेष जोर देते हुए कहा, “रणनीतिक विश्वास के आधार पर हम आर्थिक परिवर्तन की नई राह बनाएंगे। यह साझेदारी सिर्फ सरकारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका फायदा आम नागरिकों तक पहुंचेगा।”
एशिया में स्थिरता और समृद्धि की नई दिशा
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत अपने मित्र देशों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ना चाहता है। मलेशिया के साथ बढ़ती साझेदारी इसी सोच का हिस्सा है। आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे, जिससे पूरे एशिया क्षेत्र में स्थिरता और विकास को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा ने न सिर्फ भारत-मलेशिया संबंधों को नया आयाम दिया है, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में भारत के सशक्त और स्पष्ट रुख को भी दुनिया के सामने रख दिया है।
पीएम मोदी ने मलेशिया में भारतीय मूल के नेताओं से की मुलाकात, उपलब्धियों को भी सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मलेशिया में मंत्रियों और सीनेटरों समेत भारतीय मूल के नेताओं से मुलाकात की और सार्वजनिक जीवन में उनकी उपलब्धियों की सराहना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “जाने-माने मंत्रियों और सीनेटरों समेत पीआईओ नेताओं के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। भारत के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव साफ दिख रहा था। सार्वजनिक जीवन में उनकी उपलब्धियां सभी के लिए बहुत गर्व की बात हैं।” बता दें, इससे पहले पीएम मोदी ने कुआलालंपुर में आजाद हिंद फौज के पूर्व सैनिक जयराज राजा राव से भी मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने सैनिकों के ऐतिहासिक योगदान और साउथ-ईस्ट एशिया में रहने वाले भारतीयों के बीच इसकी विरासत को लेकर चर्चा की। आजाद हिंद फौज को इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) के नाम से भी जाना जाता है। एक्स पर जयराज राजा राव के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आईएनए और इसके फाउंडर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की विरासत को श्रद्धांजलि दी।
ये भी पढ़े : पीएम मोदी से मिले मलेशिया के टॉप उद्योगपति
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “आईएनए के अनुभवी जयराज राजा राव से मिलना बहुत खास था। उनका जीवन बहुत हिम्मत और त्याग से भरा है। उनके अनुभव सुनना बहुत प्रेरणा देने वाला था। हम नेताजी सुभाष चंद्र बोस, आईएनए की बहादुर महिलाओं और पुरुषों के हमेशा कर्जदार रहेंगे, जिनकी बहादुरी ने भारत की किस्मत बनाने में मदद की।” पीएम मोदी ने अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ उनके आधिकारिक आवास सेरी परदाना में भी मीटिंग की। दोनों नेताओं ने इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग सेक्टर में विकास सहयोग की समीक्षा की और सुरक्षा, रक्षा, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर में सहयोग को मजबूत करने पर सहमत हुए। पीएम इब्राहिम से मुलाकात को लेकर भारत के प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “आज सेरी परदाना में पीएम अनवर इब्राहिम के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी हैं, जिनके बीच हमेशा गहरी दोस्ती रही है। हमने व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी, आईटी, बायोटेक्नोलॉजी और दूसरे सेक्टर में विकास सहयोग की समीक्षा की। हम सुरक्षा, रक्षा, एआई, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर के फील्ड में सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमत हुए।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा भारतीयों की तरह मलेशिया के प्रधानमंत्री भी हैं एमजीआर के ‘बड़े प्रशंसक’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि ”भारत में हममें से कई लोगों” की तरह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ‘एमजीआर’ के ”बहुत बड़े प्रशंसक” हैं। प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज के समय तमिल अभिनेता की फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का एक गीत प्रस्तुत किया गया था, इसी दौरान मोदी ने इस बात का जिक्र किया। मारुदुर गोपालन रामचन्द्रन को ‘एमजीआर’ के नाम से जाना जाता है। वह एक लोकप्रिय भारतीय अभिनेता, निर्देशक और निर्माता थे। उन्होंने तमिलनाडु में ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) पार्टी की स्थापना की और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। उनका निधन 1987 में हुआ। ‘नालाई नामाधे’ अभिनेता की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है, जो 1975 में रिलीज हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा आयोजित दोपहर भोज में प्रस्तुत गीतों में से एक महान एमजीआर अभिनीत फिल्म ‘नालाई नामाधे’ का गीत था।”
मोदी ने कहा, ”प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भी भारत में हममें से कई लोगों की तरह एमजीआर के बहुत बड़े प्रशंसक हैं!” मलेशिया, भारतीय मूल के लोगों की सबसे अधिक आबादी वाला दूसरा देश है, जिनमें अधिकतर तमिल लोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। इससे पहले उन्होंने कुआलालंपुर में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”मलेशिया में रहने वाले तमिल प्रवासी विभिन्न क्षेत्रों में समाज की सेवा कर रहे हैं और उन्होंने यह भी कहा कि तमिल प्रवासी कई सदी से मलेशिया में हैं।” उन्होंने कहा कि इस इतिहास से प्रेरित होकर भारत ने मलाया विश्वविद्यालय में ‘तिरुवल्लुवर चेयर’ की स्थापना की है तथा अब साझा विरासत को और मजबूत करने के लिए एक तिरुवल्लुवर केंद्र स्थापित करेगा।


