नई दिल्ली| पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने सोमवार (26 फरवरी) को पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बोर्ड से रिजाइन कर दिया है। वे बैंक के पार्ट टाइम नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन थे। उनके इस्तीफे के बाद बैंक का नया बोर्ड बनाया गया है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक अब जल्द ही नए चेयरमैन की नियुक्ति की प्रोसेस शुरू करेगा। पेटीएम ने रेगुलेटरी फाइलिंग में इस बात की जानकारी दी है। अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन श्रीनिवासन श्रीधर बोर्ड के मेंबर होंगे। इसके अलावा रिटायर्ड आईएएस देबेंद्रनाथ सारंगी, बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अशोक कुमार गर्ग और रिटायर्ड आईएएस रजनी सेखरी सिब्बल भी पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बोर्ड में शामिल होंगे।
दो डायरेक्टर पहले ही दे चुके हैं इस्तीफा
पेटीएम के फाउंडर विजय के इस्तीफा देने से पहले दो इंडिपेंडेंट डायरेक्टर पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बोर्ड से इस्तीफा दे चुके हैं। बैंक ऑफ अमेरिका और प्राइस वाटरहाउस कूपर्स के पूर्व कार्यकारी शिंजिनी कुमार ने दिसंबर में इस्तीफा दे दिया था। वहीं
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पूर्व डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर मंजू अग्रवाल ने भी बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था।
चार बैंकों के साथ पार्टनरशिप करेगा पीपीबीएल
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेगुलेटरी नियमों के उल्लंघन के चलते भारतीय रिजर्व बैंक की कार्रवाई का सामना कर रहा पेटीएम पेमेंट बैंक अपने यूपीआई सर्विस को जारी रखने के लिए देश के चार बड़े बैंकों-एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक के साथ पार्टनरशिप करने जा रहा है।


