एजेंसी, अहमदाबाद | गुजरात एटीएस ने अल-कायदा से संबद्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी एटीएस डीआईजी सुनील जोशी ने बुधवार को दी. उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है. एटीएस ने अपने एक बयान में कहा है कि गुजरात एटीएस ने अलकायदा से जुड़े आतंकी मॉड्यूल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गुजरात एटीएस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए चार आतंकियों में दो को गुजरात से, एक दिल्ली से और एक नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है. यह सभी आतंकवादी अल कायदा के एक्यूआईएस से जुड़े बताए गए हैं. गिरफ्तार आतंकियों की पहचान सैफुल्लाह कुरैशी , मोहम्मद फर्दीन, और मोहम्मद फैक के रूप में हुई है.
आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे
गुजरात एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आतंकियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और ये भारत में बड़े स्तर पर आतंकी हमले की साजिश की योजना बना रहे थे. बता दें कि 2023 में, इसी आतंकी संगठन से संबंध रखने के आरोप में शहर के विभिन्न हिस्सों से चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था.
सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए
गुजरात एटीएस ने कहा है कि इन आतंकियों को कुछ विशेष और संवेदनशील स्थानों को टारगेट करने का निर्देश दिया गया था. साथ ही ये चारों आतंकवादी सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए एक-दूसरे से संपर्क में आए थे. जांच में यह बात भी सामने आई है कि इन आतंकवादियों का संपर्क सीमा पार बैठे आतंकियों से भी था. इन आतंकवादियों की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि गुजरात एटीएस के अलावा और केंद्रीय एजेंसियां अब इनके नेटवर्क और विदेशी संपर्कों समेत अन्य पहलुओं की छानबीन में जुट गई हैं.


