इंदौर। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में मालवा-निमाड़ का पहला आप्टिकल फाइबर केबल निर्माण प्लांट गुरुवार से उत्पादन शुरू करेगा। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत औपचारिक उद्घाटन करेंगे। करीब 400 करोड़ के निवेश से यह प्लांट स्थापित किया गया है। करीब पांच साल पहले प्रताप डिजिटल कम्प्युनिकेशन को मप्र औद्योगिक विकास निगम (पूर्व में एकेवीएन) ने जमीन आवंटित की थी। नेट्रेक्स के पास बने स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में दो-तीन वर्षों में शुरू होने वाला यह पहला बड़ा प्लांट है। कोरसिस नाम से आप्टिकल फाइबर के साथ केबल डक्ट बनाने वाले प्लांट को सरकार की ओर से प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर दी है। सफल ट्रायल के बाद इसकी शुरुआत हो रही है।
200 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
कंपनी के दावे के अनुसार शुरुआत में 225 से ज्यादा लोग इससे रोजगार हासिल कर रहे हैं। आने वाले समय में यह संख्या 500 हो जाएगी। दावा किया जा रहा है कि कंपनी में डिजिटल कम्प्युनिकेशन क्षेत्र के रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए एक अनुसंधान केंद्र भी स्थापित किया गया है। यूनिट हेड शिखा खंडेलवाल के अनुसार 41 हजार 132 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक प्लांट में हर साल 65 लाख किलोमीटर आप्टिकल फाइबर का उत्पादन हो सकेगा।


