भोपाल| चौथे चरण के मतदान के एक दिन पहले सीएम डॉ मोहन यादव ने रविवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात की। सीएम और राज्यपाल के बीच करीब 15 मिनट तक चर्चा हुई। गवर्नर से मुलाकात के बाद सीएम डॉ मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा में गर्मी के मौसम में पेयजल, गेहूं खरीदी और लॉ एंड ऑर्डर के मु्द्दों पर चर्चा हुई है।
सीएम बोले-नोटा आक्रोश व्यक्त करने का तरीका
इंदौर में कांग्रेस द्वारा नोट पर वोट देने की अपील करने पर सीएम ने कहा- नोटा कोई चुनाव चिन्ह नहीं है। कांग्रेस ने पहले अपना प्रत्याशी खोया। फिर अपनी बुद्धि खो रही है। उन्हें शर्म आनी चाहिए नोट के ऊपर कोई वोट डलता है क्या? नोटा कोई चुनाव चिन्ह नहीं है। नोटा ऑप्शन है अपना आक्रोश व्यक्त करने का। इसका मतलब ये है कि यदि कांग्रेस हारती है तो वह निर्वाचन के खिलाफ जाती है। यह कांग्रेस को सोचना चाहिए कि वो क्या कह रहे हैं। कांग्रेस को अपने अंतर्मन में झांकना चाहिए कि उनका संगठन कहां-कहां फेल हो रहा है। आने वाले चुनाव में फिर मजबूती से लड़ें। वे यदि नोट की बात कर रहे हैं तो यह पराजय की लड़ाई है।
राज्यपाल से इन मुद्दों पर हुई चर्चा
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा मेरी राज्यपाल जी से मुलाकात हुई है गर्मी के मौसम में पेयजल के विषय पर चर्चा हुई है। पूरे प्रदेश में पेयजल का लेकर प्रबंध किया है जहां दिक्कत है वहां व्यवस्था करने को कहा है किसी भी नगर और गांव में पीने की पानी की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। मुझे इस बात का संतोष है कि जो हमने प्रबंध किए हैं ऐसी कोई बहुत बड़ी परेशानी सामने नहीं आई।
गेहूं उर्पाजन को लेकर हुई बात
सीएम ने कहा- अभी गेहूं उपार्जन का भी सीजन चल रहा है। गेहूं के बाजार में भी अच्छे भाव हैं। स्वाभाविक रूप से जितना गेहूं मिल सकता है उतना प्रयास हम कर रहे हैं। केन्द्र सरकार और केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है जितना गेहूं आप खरीदेंगे उतना हम लेंगे। इस तरह से हमने प्रबंध किए हैं। गर्मी में टेंपरेचर बहुत बढ़ रहा है स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
तीन चरणों के चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए
सीएम ने कहा- राज्यपाल महोदय से लॉ एंड ऑर्डर को लेकर अभी चर्चा हुई है तीन चरण के चुनाव अच्छे से हो चुके हैं। मैं इस बात के लिए प्रदेश की जनता का आभार मानता हूं। कल अंतिम चरण की वोटिंग का दिन है सब अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मेरा वोट उज्जैन में हैं मैं कल उज्जैन वोट डालने जा रहा हूं। वर्तमान में निर्वाचन का पर्व चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से कैम्पेनिंग की और जैसा माहौल बना है वह अपने आप में दिख रहा है। कि हम अपनी राजनीतिक दृष्टि से बात करें तो भाजपा कार्यकर्ता के नाते ये कह सकते हैं कि कल की आठों सीटों को मिलाकर हम सभी 29 सीटें जीत रहे हैं। भाजपा के प्रति जो प्रेम जनता का आया है उसके लिए मैं अभिनंदन करता हूं। मोदी जी ने जनता के दिलों में जो जगह बनाई। और वर्तमान का मोदी युग स्वर्णिम काल में लिखा जाएगा।


