पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्डकप छोड़ा तो पीएसएल की एनओसी छिनेगी : आईसीसी ने चेतावनी दी

पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्डकप छोड़ा तो पीएसएल की एनओसी छिनेगी : आईसीसी ने चेतावनी दी

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल देश/प्रदेश नई दिल्ली पाकिस्तान राष्ट्रीय

एजेंसी, पाकिस्तान। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी बोर्ड पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरी तरह अलग-थलग करने की तैयारी में है। उसे भविष्य की सभी द्विपक्षीय सीरीज और एशिया कप से बाहर कर सकता है। आईसीसी बोर्ड के सदस्यों के बीच ऐसी पॉलिसी लाने पर विचार हो रहा है, जिससे विदेशी खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग में हिस्सा न ले सकें। इसके लिए संबंधित देशों के क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देना बंद कर सकते हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए टूर्नामेंट से हटने के संकेत दिए। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने शनिवार को बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया।

बांग्लादेश की मांग 14 देशों ने खारिज की
बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए अपने मैच श्रीलंका में कराने और ग्रुप बदलने की मांग की थी। गुरुवार को हुई आईसीसी बोर्ड की मीटिंग में 16 में से 14 देशों ने बांग्लादेश की इस मांग को खारिज कर दिया था। आईसीसी ने बांग्लादेश को फैसला बदलने के लिए एक दिन का समय दिया था, लेकिन उनके न मानने पर उन्हें यूरोपियन टीम (स्कॉटलैंड) से रिप्लेस कर दिया गया।

मोहसिन नकवी बोले- हम सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे
मोहसिन नकवी ने कहा था, आईसीसी ने बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया। हम अब सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं, अगर उन्होंने मना कर दिया तो हम भी टूर्नामेंट नहीं खेलेंगे।

मोहसिन नकवी ने द डॉन वेबसाइट को बताया-
आईसीसी की मीटिंग में भी मैंने इस मुद्दे को उठाया। आप किसी के साथ दोहरा व्यवहार नहीं अपना सकते। यहां एक देश को उसकी मर्जी का वेन्यू मिल जाता है, लेकिन दूसरे देश को हटाया जाता है। पाकिस्तान बोर्ड बांग्लादेश के साथ खड़ा है। हमारा कहना साफ है कि जब आप पाकिस्तान और भारत को न्यूट्रल वेन्यू दे सकते हो तो बांग्लादेश को क्यों नहीं। नकवी ने कहा- हम प्रधानमंत्री के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। तभी हम फैसला लेंगे कि वर्ल्ड कप खेलना है या नहीं। हम अपने प्लान- ए, बी, सी और डी पर काम करेंगे। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने शनिवार शाम बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से हटा दिया। उनकी जगह अब स्कॉटलैंड को मौका मिल गया। टीम ग्रुप-सी में बांग्लादेश की जगह सभी मैच खेलेगी।

ये भी पढ़े : उज्जैन के तराना में फिर भड़की हिंसा, भीड़ ने कई घरों पर की पत्थरबाजी, बस भी फूंकी

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply