अमृतसर| पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाई गई. यह घटना अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के गेट पर हुई. हमले में बादल को चोट नहीं आई है. जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह बादल पर गोली स्वर्ण मंदिर के गेट के पास चली. इस घटना का वीडियो भी सामने आ गया है. पुलिस ने गोली चलाने वाले को पकड़ लिया है. सेवादारों ने गोली चलते ही तुरंत बादल को घेर लिया और उन्हें सुरक्षा कवर दिया. इस हमले में सुखबीर सिंह बादल को कोई नुकसान नहीं हुआ है. गोली चलाने वाला व्यक्ति बुजुर्ग था. बादल पर गोली चलाने वाले का नाम नारायण सिंह चौड़ा है. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है.
बादल स्वर्ण मंदिर में सेवा कर रहे थे. जब हमला हुआ तब सुखबीर सिंह बादल स्वर्ण मंदिर के गेट पर बैठे हुए थे. उन्हें चौकीदारी का काम मिला था. स्वर्ण मंदिर के गेट पर एसजीपीसी के सुरक्षाकर्मी तैनात थे. वीडियो में देखा जा सकता है कि काली पगड़ी पहने एक शख्स ने कमर में खोंसी गई पिस्टल निकाल कर बादल पर गोली चलानी चाही. बादल के आस-पास खड़े सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे फायर करने से पहले ही पकड़ लिया. इस खींच-तान में हवा में गोली चल गई. जानकारी के अनुसार हमलावर जेल में सजा भी काट चुका है. पंजाब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पता चला है कि हमलावर दल खालसा के साथ जुड़ा हुआ है. उसने इससे पहले रेकी भी की थी.

आरडीएक्स लेकर घूम रहा था बादल पर हमला करने वाला आरोपी, एक मंत्री को भी मारने की थी कोशिश
चंडीगढ़| शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर पंजाब के अमृतसर में हमला किया गया। उन पर गोली चलाई गई जिसमें वो बाल-बाल बच गए। इस हमले के बाद अब केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि सुखबीर बादल पर हमला करने वाला आरोपी नारायण सिंह चौरा ने उन्हें भी मारने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि जब वे 2009 में श्री आनंदपुर साहिब के सांसद थे, तब इस हमले का आरोपी नारायण सिंह चौरा उन्हें भी मारने की कोशिश कर रहा था। रूपनगर के तत्कालीन एसएसपी ने उन्हें चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि आरोपी उन पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। वह अपनी गाड़ी में आरडीएक्स लेकर घूम रहा था। इसके बाद उन्होंने तीन दिन अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।
बिट्टू ने कहा कि गुरु का शुक्र है कि इस हमले में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल का बचाव हो गया है। हालांकि उनका कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। क्योंकि यह एक बहुत बड़ी घटना है। उन्होंने कहा कि उनके दादा पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह की हत्या 1995 में हुई थी। उस समय सारे पकड़े गए आरोपियों को बुड़ैल जेल से भगाने में भी शामिल था। जो कि बहुत बड़े क्रिमिनल हैं। उन सभी आरोपियों को इसी ने फरार करवाया था। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा ऐसे लोगों की जगह जेल में हैं। हालांकि हमारे यहां पर ऐसे लोगों को बचाने की कोशिश की जाती हैं। उन्हें देश विदेश से मदद मिलती है। इनकी मदद के लिए बड़े-बड़े वकील लगाए जाते हैं। लेकिन यह उचित नहीं है। ऐसे लोगों की वजह से समाज का माहौल खराब होता है।


