नोएडा : भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक और मुख्य प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषणों का किया गबन

उत्तर प्रदेश देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नोएडा, नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक की एक शाखा में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषणों के गबन के आरोप में शाखा प्रबंधक और मुख्य प्रबंधक के खिलाफ फे ज-2 थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने ऋण की पूरी राशि चुकाने के बावजूद ग्राहक के गहने वापस नहीं किए। फेज-2 थाने के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि सेक्टर-92 के निवासी विवेक पुष्कल ने शिकायत दर्ज की है। उनकी शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2024 में उन्होंने सेक्टर- 82 स्थित एसबीआई शाखा में गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने 50 लाख 64 हजार 300 रुपये के गहने जमानत के तौर पर रखे थे, जिसके बदले उन्हें 36 लाख रुपये का कर्ज मिला। विवेक ने बताया कि कर्ज मिलने के कुछ समय बाद ही बैंक ने उनसे राशि चुकाने को कहा। बैंक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पहला कर्ज चुकाने के बाद तुरंत उसी राशि का दूसरा कर्ज उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस भरोसे में विवेक ने ब्याज पर पैसे उधार लेकर पहला कर्ज चुका दिया और नए कर्ज के लिए आवेदन किया। हालांकि, नया कर्ज स्वीकृत नहीं हुआ। जब उन्होंने अपने गिरवी रखे गहने वापस मांगे, तो शाखा प्रबंधक रविंद्र कौर और मुख्य प्रबंधक प्रीति रावत ने टालमटोल शुरू कर दी। आखिरकार, विवेक ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply