नई दिल्ली| नीट पेपर लीक मामले में 8 आरोपियों की जमानत याचिका पर मंगलवार को पटना एडीजे-5 कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट में सरकारी वकील ने बताया कि यह केस अब सीबीआई के पास चला गया है। जिस पर कोर्ट ने कहा कि इसकी जानकारी ऑर्डर पेपर के साथ दें। पेपर मिलने के बाद मामले की सुनवाई सीबीआई की विशेष अदालत ही करेगी। अगली सुनवाई 2 जुलाई को होगी। पेपर लीक मामले में अब तक 13 आरोपी बिहार से और 6 झारखंड के देवघर से गिरफ्तार किए गए हैं। इन्हीं में से आठ आरोपियों ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी। इस मामले में मास्टरमाइंड संजीव मुखिया की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई है। इस पर कोर्ट ने 15 जुलाई की तारीख तय की थी। अगर मामला सीबीआई के पास जाता है तो अग्रिम जमानत की अर्जी सीबीआई की अदालत में ही लगानी होगी।
महाराष्ट्र से गिरफ्तार 2 आरोपियों की पुलिस रिमांड 2 जुलाई तक बढ़ी
पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र में एटीएस ने 4 शिक्षकों के खिलाफ पब्लिक एग्जाम एक्ट 2024 के तहत मामला दर्ज किया गया है। लातूर के 2 टीचर्स- संजय तुकाराम जाधव और जलील खान को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल कोर्ट ने आज दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड 2 जुलाई तक बढ़ा दी है।
अब तक 4 राज्यों में हुईं 26 गिरफ्तारियां
बिहार से 13 गिरफ्तार : बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई बिहार से 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। संजीव मुखिया इसका मास्टरमाइंड है, जो फरार है। 2010, 2012 और 2013 में कई परीक्षा के पेपर लीक मामले में भी संजय का नाम सामने आया था।
गुजरात से 5 गिरफ्तार : गुजरात में 8 मई को नीट मामले में एफआईआर दर्ज की गई। गोधरा में जयराम स्कूल के आचार्य और नीट एग्जाम के सिटी कोऑर्डिनेटर पुरुषोत्तम शर्मा समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तुषार भट्ट के मोबाइल चैट में 11 स्टूडेंट्स के नाम, रोल नंबर और उनके एग्जाम सेंटर्स का पता मिला था।
महाराष्ट्र से 2 गिरफ्तार : एंटी टेररिज्म स्क्वाड ने लातूर में एफआईआर दर्ज कराई, इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई। इस केस में एटीएस ने संजय जाधव और जलील पठान को अरेस्ट किया। दोनों परिषद स्कूल में टीचर हैं। एटीएस को शक है कि टेरर फंडिंग के लिए पेपर लीक कराया गया है।
झारखंड से 6 गिरफ्तार : 23 जून को ईओयू ने झारखंड के देवघर से 6 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें बिहार के 4 आरोपी शामिल हैं। झारखंड के हजारीबाग से एसबीआई बैंक तक पेपर ई-रिक्शा से भेजे जाने की बात सामने आई है।


