एजेंसी, भोपाल। राजधानी में धमकी भरे ई-मेल मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। एमपी नगर स्थित नापतौल कार्यालय के कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस ई-मेल में यह दावा किया गया था कि कार्यालय में ड्रोन की मदद से चार छोटे आरडीएक्स बम रखे गए हैं, जो मंगलवार दोपहर 2 बजे फट जाएंगे। मेल भेजने वाले ने चेतावनी देते हुए सभी कर्मचारियों को तुरंत दफ्तर से बाहर निकालने की बात भी कही थी। हालांकि, पुलिस की सघन जांच में यह सूचना पूरी तरह फर्जी निकली।
धमकी भरे मेल की जानकारी मिलते ही एमपी नगर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे दफ्तर को खाली कराकर सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारियों को बिल्डिंग से बाहर भेज दिया गया था। एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने जानकारी दी कि पुलिस टीम ने पूरे कार्यालय परिसर की बारीकी से जांच की, लेकिन वहां कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
ये भी पढ़े : दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, ‘किसान कल्याण वर्ष’ और विकास कार्यों पर लिया मार्गदर्शन
पुलिस अब इस शरारती ई-मेल को भेजने वाले शख्स की पहचान करने की कोशिश कर रही है। खास बात यह है कि इस कार्यालय में एक दिन पहले भी बिल्कुल इसी तरह का एक मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें पुलिस की तलाशी लेने की तकनीक को परखने की बात लिखी गई थी। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से साइबर जांच की जा रही है।


