नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, सूर्योपासना के लिए घर से लेकर छठ घाट तक की गई विशेष तैयारी

धर्म-आस्था

एजेंसी, रांची। लोक आस्था का महापर्व छठ आज नहाय खाय के साथ शुरू हो गया. यह एक ऐसा पर्व है जिसमें पवित्रता पर विशेष जोर दिया जाता है, इसलिए आज से ही छठव्रतियों के घरों में इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. घरों में नहाय-खाय के दिन परवैतिन के साथ-साथ घर के सभी लोगों द्वारा कद्दू-भात खाने की परंपरा है, जो आज भी दिखा. कल यानी रविवार को खरना होगा, जिसमें परवैतिन दिन भर उपवास के बाद शाम में छठी मैया की आराधना कर निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगी. सोमवार को पहला अर्घ्य है, जिस दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा. तत्पश्चात मंगलवार को उदयकालीन अर्घ्य देकर भगवान भाष्कर से सुख, समृद्धि की कामना की जायेगी.

घर से लेकर छठ घाट तक तैयारियां जोरों पर

छठ के मौके पर घर से लेकर छठ घाट तैयारी जोरों पर है. साफ-सफाई के अलावे छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. राजधानी रांची का अरगोड़ा तालाब एक बार फिर छठ के मौके पर सज-धज कर तैयार है. स्थानीय पूजा समिति और नगर निगम की टीम के द्वारा यहां साफ-सफाई का खास प्रबंध किया गया है. काली पूजा एवं अन्य त्योहार के कारण तालाब में हुई मूर्ति विसर्जन एवं अन्य पूजा सामग्री को हटाया जा रहा है. पूरे तालाब को साफ किया गया है जिससे पानी में प्रवेश करने पर छठव्रती को कोई परेशानी ना हो. स्थानीय पूजा समिति के लोगों ने कहा कि खरना तक घाट पूरी तरह से तैयार हो जाएगा. यहां स्थित सूर्य मंदिर में इस मौके पर पूजा अर्चना की जाएगी. श्रद्धालुओं की होने वाली भीड़ के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं जिससे किसी को किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े. छठ पूजा समिति से जुड़े सुशील कहते हैं कि छठ के दौरान हर वर्ष की तरह अर्घ्य देने के लिए दूध, अगरबत्ती आदि मुफ्त में दिया जाएगा. छठ पूजा समिति के प्रणव कहते हैं कि छठ के दौरान स्थानीय गोताखोर और वॉलिंटियर मौजूद रहेंगे, जिससे किसी भी तरह की श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो.

Leave a Reply